गोरखपुर रंग महोत्सव में ‘डेजर्ट ब्लूम’ नाटक का मंचन…VIDEO:दर्शक खड़े होकर बजाए तालियां, चित्रकला में 150 ने दिखाई अपनी कला

गोरखपुर के बाबा गंभीरनाथ प्रेक्षा गृह में चल रहे गोरखपुर रंग महोत्सव के तीसरे सीजन का रविवार को दूसरा दिन रहा। इस दिन ‘डेजर्ट ब्लूम’ नामक नाटक का मंचन हुआ, जिसने दर्शकों को भावनाओं और संगीत की दुनिया में डुबो दिया। पहले देखिए 3 तस्वीरें… मरुधरा थिएटर कंपनी, जोधपुर द्वारा प्रस्तुत यह नाटक राजस्थान की रेगिस्तानी संस्कृति और लोककला पर आधारित था। नाटक में दिखाया गया कि किस तरह वहां की महिलाएं सामाजिक बंधनों में जकड़ी हैं और अपने सपनों व भावनाओं को खुलकर नहीं जी पातीं। कहानी की मुख्य पात्र लाजवंती समाज के नियमों में बंधी होती है, लेकिन अंत में वह हिम्मत जुटाकर इन बंधनों को तोड़कर स्वतंत्रता की ओर बढ़ती है। उसकी ननद और सहेलियां इसमें उसका साथ देती हैं। नाटक के माध्यम से महिलाओं के मौन विद्रोह को बड़ी खूबसूरती से दिखाया गया। नाटक के निर्देशक महादेव सिंह लखावत ने इसे अपनी लेखन और निर्देशन प्रतिभा से जीवंत बना दिया। लाजवंती की भूमिका में वाग्मिता स्वरूप और हवा की भूमिका में प्रतिक्षा कोटे ने प्रभावित किया। अन्य कलाकारों प्रेरणा, पिहु सांड, चेतना द्यानी, शुभम पारीक और प्रेम नागल ने भी शानदार अभिनय किया। नाटक से पहले प्रांगण में राम ज्ञान यादव ने पारंपरिक फरुआही नृत्य प्रस्तुत कर सभी को मंत्रमुग्ध कर दिया। वहीं, चित्रकला प्रतियोगिता में करीब 150 बच्चों ने भाग लेकर अपनी रचनात्मकता दिखाई। कार्यक्रम का शुभारंभ पद्मश्री रामचेत चौधरी, मयंक अग्रवाल, डॉ. आर. के. पांडेय और डॉ. प्रतिभा गुप्ता ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। महोत्सव के तीसरे दिन भोपाल की रंगश्री लिटिल बैले ट्रूप द्वारा ‘रामायण’ का मंचन किया जाएगा।

Curated by DNI Team | Source: https://ift.tt/5nfaikj