बुलंदशहर में एक पुलिस अधिकारी के क्रेडिट कार्ड से हजारों रुपये की ऑनलाइन शॉपिंग कर साइबर ठगी का मामला सामने आया है। इस संबंध में साइबर थाने में एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। पीड़ित डायल 112 पर तैनात प्रभारी निरीक्षक हैं। उनका खाता बैंक ऑफ बड़ौदा की रेलवे रोड शाखा में है। 15 मार्च 2026 को उनके मोबाइल पर क्रेडिट कार्ड के ओटीपी आने लगे, जबकि उन्होंने कोई लेनदेन नहीं किया था। संदेह होने पर उन्होंने अगले ही दिन बैंक में शिकायत दर्ज कराई और कार्ड ब्लॉक कराने की प्रक्रिया शुरू की। 18 मार्च को उन्हें रजिस्टर्ड ईमेल के माध्यम से पता चला कि उनके क्रेडिट कार्ड से 16 मार्च और 18 मार्च को कई लेनदेन हुए हैं। इन लेनदेन में 18,124 रुपये, 31,324 रुपये, 25,154 रुपये, 5,000 रुपये, 2,299 रुपये और 165 रुपये सहित कुल हजारों रुपये की रकम निकाली गई। ये सभी भुगतान ऑनलाइन शॉपिंग प्लेटफॉर्म के जरिए किए गए थे। जांच में सामने आया कि किसी अज्ञात व्यक्ति ने पीड़ित के क्रेडिट कार्ड से जुड़ा मोबाइल नंबर बदल दिया था। आरोपी ने अपना नंबर लिंक कर इस धोखाधड़ी को अंजाम दिया। पीड़ित ने तुरंत बैंक के टोल फ्री नंबर और साइबर हेल्पलाइन 1930 पर भी शिकायत दर्ज कराई थी। इस घटना के बाद बुलंदशहर साइबर थाने में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मामले की गहन जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपियों की पहचान कर उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply