अलीगढ़ में घर से खींचकर लड़के की हत्या:ताबड़तोड़ चाकू मारे, लोगों ने बाजाद बंद कराया, गुस्साई महिलाओं ने थाना घेरा

अलीगढ़ में एक युवक की चाकू से गोदकर हत्या कर दी गई। शनिवार रात 8 लोग जबरन उसके घर में घुसे। घसीटकर उसे घर से 200 मीटर दूर ले गए। वहां पहले उसे जमकर मारा-पीटा। फिर चाकू से गोदकर मार डाला। जब युवक घर नहीं लौटा तो परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। खाली प्लॉट में उसका शव पड़ा मिला। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा। परिजनों की शिकायत के बाद पुलिस ने 8 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। घटना शनिवार रात जवां थाना क्षेत्र के अहेरिया मोहल्ले की है। घटना की सूचना मिलते ही गुस्साए लोग अहेरिया बाजार में हंगामा करने लगे। पहले 50-60 की संख्या में महिलाएं जवां थाने पहुंचीं। वहां विरोध प्रदर्शन करने लगीं। इस दौरान लोगों ने सुमेरा में जमकर हंगामा किया। सुमेरा बाईपास पर जाम लगा दिया। लोग बुलडोजर कार्रवाई की मांग करने लगे। सूचना मिलते ही SSP नीरज जादौन, एसपी सिटी, सीओ समेत कई थाने की फोर्स मौके पर पहुंची। लोगों को समझा बुझाकर शांत कराया गया। प्रदर्शन कर रही एक महिला बेहोश होने की स्थिति में आ गई। तो SSP ने खुद उसे पानी पिलाया और घर भेजवाया। करीब 8 घंटे तक हंगामा चला है। अब पढ़िए पूरा मामला… मेघ सिंह अहेरिया मोहल्ला में रहते हैं। उनका बेटा करन (18 वर्षीय) नोएडा में एक ठेकेदार के पास नौकरी करता था। वह अहेरिया समाज से था। शनिवार को वह नोएडा से अलीगढ़ आया था। परिजनों ने बताया- रात करीब 11 बजे मोहल्ले का ही अशद पुत्र नफीस खां अपने साथ करीब 7 लोगों के साथ करन को घर के बाहर बुलाने आया। करन ने जाने से मना किया, तो आरोपी घर के अंदर घुसकर उसे घसीटते हुए ले गए। घर से दूर ले जाकर आरोपियों ने करन के साथ जमकर मारपीट की और चाकुओं से गोदकर उसकी हत्या कर दी। इसके बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। देर रात 2 बजे तक जब करन घर नहीं लौटा तो परिजनों ने तलाश शुरू की। खाली प्लॉट में उसका खून से लथपथ शव मिला। पुलिस ने 8 आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। गिरफ्तार करके उनसे पूछताछ की जा रही है। परिजन बोले- हमारी कोई पुरानी रंजिश नहीं
मृतक करन के बड़े भाई राहुल ने बताया- उनकी और आरोपियों के परिवार के बीच कोई पुरानी रंजिश नहीं है। हालांकि, करन और आरोपियों के बीच कोई विवाद हुआ हो तो उन्हें जानकारी नहीं है। आरोपी करन को घर से लेकर गए और फिर अपने घर ले जाकर उसके साथ मारपीट करके हत्या कर दी। करन रविवार की छुट्टी होने के चलते घर आया था। वह हर छुट्टी पर घर आता था, इसके बाद फिर नोएडा लौट जाता था। आरोपियों को भी इसकी जानकारी थी। राहुल ने बताया कि करन कल मोहल्ले में रहने वाले आरोपियों के घर गया था। उसकी बहन की तबीयत खराब थी। तो करन उसे लेकर डॉक्टर के पास गया था। फिर दवा दिलाकर वापस घर छोड़कर चला आया था। अहेरिया समाज के लोगों ने बाजार किया बंद
युवक की हत्या के बाद अहेरिया समाज के लोग हंगामा करने लगे। बाजार बंद करा दिया। साथ ही आरोपियों के घरों पर बुलडोजर चलाने की मांग कर रहे हैं। हंगामे की सूचना मिलने पर भारी संख्या में फोर्स मौके पर पहुंची और लोगों से बातचीत की। साथ ही उन्हें आश्वासन दिया है कि आरोपियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी। हत्या के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने मामले की जांच की। फोरेंसिक टीम ने मौके से साक्ष्य जुटाए। परिजनों की शिकायत पर पुलिस ने असद पुत्र नफीस खां, इद्रीश पुत्र अब्दुल सलाम, नफीस खां पुत्र अब्दुल सलाम, अयान पुत्र शमशाद खां, अनश पुत्र नफीस खां, अरमान पुत्र इद्रीश, अल्तमश पुत्र नफीस खां और चांद पुत्र शमशाद खां को गिरफ्तार कर लिया है। सभी आरोपी अहेरिया मुहल्ले के ही रहने वाले हैं। एसएसपी नीरज जादौन ने बताया- रात में एक युवक की हत्या कर दी गई थी। मामले में मुकदमा दर्ज कर 8 आरोपियों को हिरासत में ले लिया गया है। हत्या के विरोध में लोगों ने जाम लगाया था और कुछ देर के लिए मेन हाई-वे ब्लॉक कर दिया था। जिसे परिजनों और लोगों से बात करके खुलवाया गया है। लोग बुलडोजर की कार्यवाही की मांग कर रहे हैं। लेकिन उन्हें समझाया गया है कि ऐसे कार्रवाई नहीं कर सकते। अगर कुछ अवैध निर्माण है और गलत तरीके से बनाया गया है तो कानूनी प्रक्रिया अमल में लाते हुए कार्रवाई की जाएगी। —————————- ये भी पढ़ें- 8 करोड़ की जमीन बेचने वाले महंत की संदिग्ध मौत: अयोध्या में खाना खाने के बाद मुंह से झाग निकला, सेविका हिरासत में अयोध्या के रावत मंदिर के महंत राम मिलन दास की संदिग्ध हालात में मौत हो गई। शनिवार शाम को खाना खाने के बाद अचानक उनके मुंह से झाग निकलने लगा। आनन-फानन में शिष्य उन्हें अस्पताल ले गए। जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। 48 साल के महंत राम मिलन दास 15 साल से रावत मंदिर के महंत थे। पढ़िए पूरी खबर..

Curated by DNI Team | Source: https://ift.tt/E8cOkL0