कुशीनगर में आरटीआई कार्यकर्ता सम्मान समारोह:एसोसिएशन ने किया आयोजन, अधिनियम में सुधार की मांग

कुशीनगर जिले के डुम्मरभार गांव में सूचना का अधिकार कार्यकर्ता एसोसिएशन ने आरटीआई अधिनियम 2005 के स्थापना दिवस पर एक दिवसीय सम्मान समारोह आयोजित किया। इस कार्यक्रम में आसपास के ग्रामीण भी शामिल हुए। कार्यक्रम में पूर्वांचल के गांधी के नाम से प्रसिद्ध डॉ. संपूर्णानंद मल्ल मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। विशिष्ट अतिथियों में राज्य सूचना आयोग के अधिवक्ता दीपक शुक्ला, देवेश मणि त्रिपाठी, राम भवन राव और विचित्र नारायण सिंह सहित कई गणमान्य व्यक्ति शामिल थे। मुख्य अतिथि डॉ. संपूर्णानंद मल्ल ने अपने संबोधन में कहा कि आरटीआई कार्यकर्ता समाज और सरकार में व्याप्त भ्रष्टाचार व कमियों को उजागर करने के लिए निस्वार्थ भाव से काम करते हैं। उन्होंने जोर दिया कि ऐसे कार्यकर्ताओं का सम्मान आवश्यक है, जो आम आदमी की तकलीफों को अपनी समझकर लड़ते हैं। दैनिक भास्कर से बात करते हुए डॉ. संपूर्णानंद ने बताया कि आरटीआई अधिनियम 2005 अपने मूल मकसद को पूरा नहीं कर पा रहा है। उन्होंने आयोग में नियुक्ति प्रक्रिया को त्रुटिपूर्ण बताते हुए कहा कि इससे न्याय की गुणवत्ता प्रभावित हो रही है। डॉ. संपूर्णानंद ने अधिनियम में तत्काल सुधार की मांग की। उन्होंने सुझाव दिया कि राज्य स्तर पर आरटीआई न्यायालयों में निचली न्यायपालिका के न्यायाधीशों की नियुक्ति की जाए और 50% पद वकील संवर्ग के लिए आरक्षित हों। उन्होंने आयोग को मजबूत शक्तियां देने की वकालत भी की, क्योंकि मौजूदा नियमों के तहत करोड़ों के घोटाले के जिम्मेदार लोग मामूली जुर्माने और माफी मांगकर बच निकलते हैं। इस कार्यक्रम में देवेश मणि त्रिपाठी, रामभवन राव, विचित्र नारायण सिंह, मंडल अध्यक्ष अरुण सिंह, मंडल सचिव फखरे आलम, जिलाध्यक्ष मनोज कुमार राव, जिला उपाध्यक्ष शैलेश कुमार गुप्त, धर्मराज यादव, मुराली लाल श्रीवास्तव, आनंद श्रीवास्तव, संजय सिंह, विजय बहादुर कुशवाहा, आलोक उपाध्याय, मिथिलेश सिंह, अकबर अंसारी, रामनारायण पांडे, मुर्तुजा अंसारी, सुखारी, छोटू राजभर और सचिन कुमार सहित कई अन्य लोग मौजूद रहे।

Curated by DNI Team | Source: https://ift.tt/H7jRkhy