झांसी में एक्सीडेंट में दो दोस्तों की मौत:हार्वेस्टर खराब होने पर नीचे घुसकर सुधार रहे थे, ट्रक ने 30 मीटर घसीटा, एक घायल
झांसी में भीषण एक्सीडेंट में दो दोस्तों की मौत हो गई, जबकि उनका एक साथी घायल है। वे हार्वेस्टर लेकर उरई जा रहे थे। रास्ते में हार्वेस्टर खराब हो गया। ऐसे में तीनों नीचे घुसकर रिपेयरिंग कर रहे थे। तभी पीछे से तेज गति में आए एक ट्रक ने हार्वेस्टर को टक्कर मार दी। टक्कर के बाद करीब 30 मीटर तक हार्वेस्टर को घसीटकर ले गया। नीचे दबकर दोनों दोस्तों की मौत हो गई। जबकि घायल साथी को अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। जहां उसकी स्थिति नाजुक बनी है। हादसा रक्सा थाना क्षेत्र के डोंगरी पुल के पास हुआ है। हार्वेस्टर पर काम करते थे मृतकों की पहचान सलमान (22) पुत्र नूर इस्लाम और सलीम (22) पुत्र मोहम्मद रफीक के रूप में हुई है। सलमान बरेली जिले के बेहड़ी थाना क्षेत्र के जवाहरपुर गांव और सलीम उसके पड़ोस के गांव गोपालपुर का रहने वाला था। दोनों उरई के मतीनउल्लाह के हार्वेस्टर पर काम करते थे। मृतक के दोस्त कसाब खान ने बताया- कुछ दिनों से हार्वेस्टर ललितपुर में धान की कटाई कर रहा था। शनिवार रात को हार्वेस्टर उरई आ रहा था। जिस पर 5 लोग सवार थे। डोंगरी पुल के पास हार्वेस्टर खराब हो गया। तब सलमान, सलीम और चमन नीचे घुसकर रिपेयरिंग कर रहे थे। बाकी दो लोग बाहर खड़े थे। इसी दौरान तेज गति में ट्रक आया। उसने पीछे से हार्वेस्टर में टक्कर मारी और काफी दूर तक घसीटते हुए ले गया। सलमान के ऊपर से पहिए निकले ट्रक की टक्कर के बाद सलमान के ऊपर से पहिए निकल गए। उसकी मौके पर ही मौत हो गई। बाकी दो घायल सलीम और चमन को झांसी मेडिकल कॉलेज ले जाया गया। जहां पर इलाज के दौरान सलीम ने आज दम तोड़ दिया। अभी चमन का इलाज चल रहा है। हादसे के बाद दोनों के परिजनों का रो रोकर बुरा हाल है। सलीम की शादी डेढ़ साल पहले सना से हुई थी। उसका 5 महीने का एक बेटा है। सलीम दो भाइयों में छोटा था। उसकी 3 बहनें हैं। वहीं, सलमान 4 भाइयों में सबसे छोटा था और अविवाहित था।
Curated by DNI Team | Source: https://ift.tt/mO1JQGY
Leave a Reply