शामली जनपद में शनिवार सुबह सामान रखने को लेकर हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। सदर कोतवाली क्षेत्र के वी.वी. इंटर कॉलेज रोड पर पाइप और ड्रम व्यापारियों के बीच हुई इस झड़प में एक व्यक्ति धारदार हथियार से घायल हो गया, जिसका अस्पताल में इलाज चल रहा है। घटना का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसके बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार, वी.वी. इंटर कॉलेज रोड पर एक पाइप व्यापारी और एक ड्रम व्यापारी की दुकानें आमने-सामने हैं। शनिवार सुबह दोनों व्यापारियों के बीच सामान रखने को लेकर कहासुनी हुई। यह कहासुनी जल्द ही बड़े विवाद में बदल गई, जिसमें दोनों पक्षों के कई लोग सड़क पर आमने-सामने आ गए। विवाद के दौरान दोनों पक्षों ने एक-दूसरे को गालियां दीं और लाठी-डंडों व धारदार हथियारों से हमला करने का प्रयास किया। वायरल वीडियो में एक युवक डंडा फेंकते हुए और दूसरा युवक हाथ में आरी लिए दूसरे पक्ष पर हमला करने की कोशिश करते हुए दिख रहा है। आरोप है कि इसी दौरान एक व्यक्ति की गर्दन पर धारदार हथियार से वार किया गया, जिससे वह घायल हो गया। घटना के बाद दोनों पक्ष थाने पहुंचे और एक-दूसरे के खिलाफ तहरीर दी। पुलिस ने दोनों पक्षों की शिकायतों के आधार पर मामले की छानबीन शुरू कर दी है।

Leave a Reply