उत्तर प्रदेश के फतेहपुर जिले में सदर कोतवाली क्षेत्र के आबू नगर स्थित विवादित स्थल मंगी मकबरे के पास ईदगाह में कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच ईद की नमाज अदा की गई। जिला प्रशासन ने नमाज के दौरान ड्रोन कैमरे से निगरानी कराई। नमाजियों ने नमाज अदा करने के बाद एक-दूसरे को ईद की मुबारकबाद दी। ईदगाह के पास स्थित विवादित स्थल को बैरिकेडिंग कर बंद कर दिया गया था, जहां किसी को भी जाने की अनुमति नहीं थी। पुलिस अधीक्षक ने मंगी मकबरे से जुड़े विवाद को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था के लिए तीन सीओ और चार थानों की पुलिस तैनात की थी। जिलाधिकारी रविंद्र सिंह और पुलिस अधीक्षक स्वयं पीएसी और पुलिस बल के साथ सुरक्षा व्यवस्था में लगे रहे और ड्रोन कैमरे से पूरे क्षेत्र की निगरानी की गई। इस अवसर पर सांसद नरेश उत्तम ने समस्त जनपद वासियों को ईद की मुबारकबाद दी और दुनिया में शांति व सौहार्द के साथ त्योहार मनाने की अपील की। नगर पालिका अध्यक्ष राजकुमार मौर्य ने बताया कि शहर में ईद के पर्व के लिए ईदगाह में साफ-सफाई, पानी की व्यवस्थाएं, नमाजियों के लिए दरी और टेंट लगवाए गए थे। ईदगाह के इमाम हबीबुल इस्लाम ने बताया कि आज ईद की नमाज अदा की गई, जिसमें शासन-प्रशासन के तमाम लोग मौजूद रहे। उन्होंने देश में अमन-चैन कायम रहने की दुआ मांगी। इमाम ने वर्षों पहले की तरह हिंदू-मुस्लिम भाईचारे, एक साथ चाय पीने और पर्वों पर बधाई देने के आपसी सौहार्द को फिर से कायम करने की कामना की।

Leave a Reply