जालौन के कुठौंद थाना क्षेत्र में नमामि गंगे परियोजना के तहत संचालित बृजगोपाल कंस्ट्रक्शन कंपनी के प्लांट में एक मजदूर की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मृतक की पहचान कैलाश प्रजापति के रूप में हुई है। उसका शव कमरे में बिस्तर पर मिला, जिससे मामले को लेकर संदेह की स्थिति बनी हुई है। कैलाश प्रजापति अपने कमरे में थे। उनके साथी जब उन्हें उठाने पहुंचे तो वह मृत अवस्था में मिले। घटना की सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंच गए, जिससे माहौल भावुक और तनावपूर्ण हो गया। परिजनों ने कंपनी प्रबंधन पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि उन्हें घटना के बारे में स्पष्ट जानकारी नहीं दी जा रही है। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि कंपनी के पास लेबर लाइसेंस और कार्यरत मजदूरों का कोई स्पष्ट रिकॉर्ड नहीं है। हंगामे के बाद पहुंची पुलिस मौके पर काफी देर तक हंगामा होता रहा। परिजनों ने मौत को संदिग्ध बताते हुए निष्पक्ष जांच की मांग की। सूचना मिलने पर कुठौंद थाना पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों को समझाकर शांत कराया। इसके बाद शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद होगा खुलासा पुलिस अधिकारियों के अनुसार, पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का पता चल सकेगा। पुलिस पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही है और कंपनी प्रबंधन से पूछताछ कर रही है, ताकि मजदूर की मौत की परिस्थितियों का खुलासा किया जा सके।

Leave a Reply