लखीमपुर खीरी में ईद-उल-फितर का त्योहार पूरे जिले में अकीदत और उल्लास के साथ मनाया गया। सुबह होते ही शहर और कस्बों की मस्जिदों तथा ईदगाहों में नमाज अदा करने के लिए लोगों की भीड़ उमड़ पड़ी। नमाजियों ने नए कपड़े पहनकर अल्लाह की इबादत की और देश में अमन-शांति व खुशहाली की दुआएं मांगीं। शहर की ईदगाह मस्जिद में कारी इसहाक ने नमाज अदा कराई, जबकि मीनार मस्जिद में मौलाना अशफाक ने नमाज पढ़ाई। खुत्बे में इमामों ने लोगों को आपसी भाईचारा बनाए रखने, जरूरतमंदों की मदद करने और समाज में सौहार्द कायम रखने का संदेश दिया। नमाज के बाद लोगों ने एक-दूसरे को गले लगाकर ईद की मुबारकबाद दी। पवित्र रमजान के महीने के समापन पर आई इस ईद के मौके पर शहर में उत्सव का माहौल देखा गया। ईदगाहों के आसपास छोटे-छोटे मेले भी लगे थे, जहां बच्चों और युवाओं ने झूलों और दुकानों का आनंद लिया। त्योहार के मद्देनजर प्रशासन भी पूरी तरह मुस्तैद रहा। सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए विभिन्न स्थानों पर पुलिस बल तैनात किया गया, जिससे त्योहार शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो सका। ईदगाह मस्जिद में पूर्व मंत्री जफर अली नकवी, मोनिस नकवी, पूर्व मंत्री डॉ. आरए उस्मानी, अंजुमन इस्लामिया के सचिव रिजवान रशीद, सांसद उत्कर्ष वर्मा, अनुराग पटेल, अशोक वर्मा, सभासद सर्वेश वर्मा, संदीप वर्मा, ईओ नगर पालिका संजय कुमार और कोतवाल राजेश सिंह सहित बड़ी संख्या में गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहे। कस्बा खीरी की ईदगाह में मौलाना निजामुद्दीन ने नमाज अदा कराई। इसके अतिरिक्त, अन्य मस्जिदों में भी निर्धारित समय पर ईद की नमाज अदा की गई। वहीं, शिया कमेटी अंजुमन हुसैनिया की ओर से मीरा तालाब स्थित शिया ईदगाह में भी नमाज का आयोजन किया गया। इसमें रामपुर से आए मौलाना ऐन अब्बास ने नमाज पढ़ाई और बड़ी संख्या में अकीदतमंदों ने इबादत की।

Leave a Reply