उत्तराखंड के नैनीताल जनपद में शनिवार को एक सड़क हादसे में उन्नाव के दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। इस दुर्घटना में उन्नाव के ही दो अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे की सूचना मिलते ही मृतकों के परिजन घटनास्थल के लिए रवाना हो गए। जानकारी के अनुसार, उन्नाव जनपद से चार युवक धार्मिक यात्रा पर कैंची धाम और जागेश्वर धाम दर्शन के लिए निकले थे। शनिवार को उनका वाहन ज्योलीकोट-भवाली रोड पर खूपी के पास अनियंत्रित होकर लगभग 250 मीटर गहरी खाई में जा गिरा। वाहन के खाई में गिरने के बाद राहगीरों ने तुरंत पुलिस और स्थानीय प्रशासन को सूचना दी। इस हादसे में उन्नाव के पीतांबर नगर निवासी अंकित चौधरी (30) और अभिराज (28) की मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने दोनों शवों को खाई से बाहर निकालकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। मृतकों के परिजनों को घटना की जानकारी दी गई। दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल अतुल दुबे (26 वर्ष) पुत्र सुनील कुमार (निवासी उन्नाव) और श्याम (30 वर्ष) पुत्र राम सुमेर (निवासी पीतांबर नगर, उन्नाव) को स्थानीय लोगों और रेस्क्यू टीम ने रस्सियों की मदद से खाई से बाहर निकाला। दोनों घायलों को तत्काल उपचार के लिए हल्द्वानी के हायर सेंटर रेफर किया गया, जहां उनकी हालत नाजुक बताई जा रही है। घटना की सूचना पर पुलिस, एसडीआरएफ और स्थानीय प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य चलाया। प्रशासनिक अधिकारियों ने बताया कि हादसे के कारणों की जांच की जा रही है। प्रारंभिक जांच में वाहन के अनियंत्रित होने की आशंका जताई जा रही है, हालांकि वास्तविक कारण जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट होगा।

Leave a Reply