DniNews.Live

बारिश ने बदली ईद की नमाज की तस्वीर:बस्ती में मस्जिदों में अदा हुई नमाज; सेवईयों की मिठास संग गूंजी मुबारकबाद

बस्ती जिले में शनिवार तड़के हुई बारिश के कारण ईद-उल-फितर की नमाज के पारंपरिक स्थल बदल गए। शहर के जनता होटल स्थित ईदगाह में इस बार नमाज अदा नहीं हो सकी। इसके चलते शहरी और ग्रामीण दोनों इलाकों के लोगों ने विभिन्न मस्जिदों में पहुंचकर ईद की नमाज अदा की। त्योहार के मद्देनजर शहर के पुरानी बस्ती क्षेत्र सहित अन्य संवेदनशील स्थानों पर सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए थे। पुलिस उप महानिरीक्षक संजीव त्यागी और मंडलायुक्त अखिलेश सिंह ने अपने दल-बल के साथ क्षेत्र का भ्रमण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। प्रशासन की सक्रियता के कारण पूरे जिले में ईद का त्योहार शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हुआ।
भानपुर, मुंडेरवा, जमदाशाही, नगर बाजार, लालगंज और कलवारी सहित जिले के विभिन्न क्षेत्रों में ईद की रौनक देखने को मिली। नमाज के बाद लोगों ने एक-दूसरे को गले लगाकर ‘ईद मुबारक’ कहा और भाईचारे का संदेश दिया। ईद के अवसर पर घरों में खासतौर पर सेवईयों की खुशबू बिखरी रही। मुस्लिम परिवारों की महिलाओं ने सुबह से ही तरह-तरह के पकवान तैयार किए। लोगों ने मीठी सेवईयों का स्वाद चखते हुए एक-दूसरे को बधाई दी और खुशियां साझा कीं। बारिश के कारण नमाज की व्यवस्थाओं में बदलाव जरूर हुआ, लेकिन आस्था, उत्साह और आपसी सौहार्द ने ईद के जश्न को पूरे उल्लास के साथ जीवंत बनाए रखा।

Source: Dainik Bhaskar via DNI News (Prayagraj)

Puri Khabar Yahan Padhein…

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *