गोरखपुर से मानसून विदा, मौसम शुष्क:दिन में तेज धूप और रात में हल्की ठंड, पछुआ हवाओं का असर
गोरखपुर में 10 अक्टूबर को मानसून विदा हो गया। इसके साथ ही पछुआ हवाएं चलने लगी हैं, जिससे हवा में नमी कम हो गई है और मौसम पूरी तरह शुष्क हो गया है। दिन में धूप अधिक तेज होने लगी है, जबकि सुबह और शाम की हवा में हल्की ठंडक महसूस की जा रही है। मौसम विभाग ने बताया कि आने वाले एक सप्ताह तक यही स्थिति बनी रहेगी। धीरे-धीरे तापमान में बदलाव के साथ शहर में गुलाबी ठंड का एहसास बढ़ेगा। पूर्वांचल से मानसून की हुई विदाई मौसम वैज्ञानिक कैलाश पांडेय ने बताया कि 24 से 26 सितंबर के बीच पश्चिमी उत्तर प्रदेश से मानसून लौट चुका था। उसके बाद बने मौसमी सिस्टम के प्रभाव से पांच से 10 अक्टूबर के बीच पूर्वांचल के अधिकांश हिस्सों-गोरखपुर, देवरिया, कुशीनगर और महाराजगंज-से भी मानसून की विदाई दर्ज की गई। केवल बलिया, गाजीपुर, चंदौली, सोनभद्र और मिर्जापुर में हल्का प्रभाव अभी बाकी है, जो अगले 24 से 48 घंटे में समाप्त हो जाएगा। शुष्क मौसम और हवा की दिशा का असर गोरखपुर में फिलहाल कोई नया मौसम प्रणाली सक्रिय नहीं है। पछुआ और उत्तर-पश्चिमी हवाओं के चलते मौसम अगले एक सप्ताह तक शुष्क बना रहेगा। आसमान में हल्के बादल रह सकते हैं, लेकिन बारिश की संभावना लगभग नहीं है। इस अवधि में दिन का तापमान सामान्य से थोड़ा अधिक रहने के संकेत हैं, जबकि रात का तापमान सामान्य या थोड़ा कम रहेगा। तापमान में हल्की बढ़ोतरी और ठंड की शुरुआत मौसम विभाग का अनुमान है कि अगले एक सप्ताह तक न्यूनतम तापमान में कोई खास बदलाव नहीं होगा, लेकिन अधिकतम तापमान में हल्की बढ़ोतरी दर्ज हो सकती है। विशेषज्ञों के अनुसार, मानसून के पूरी तरह लौट जाने के बाद गोरखपुर में ठंड की शुरुआत हो गई है। अक्टूबर के उत्तरार्ध तक सुबह-शाम की ठंड और बढ़ेगी और लोगों को हल्की ठिठुरन का अनुभव होने लगेगा।
Curated by DNI Team | Source: https://ift.tt/lMCN1so
Leave a Reply