कानपुर देहात में ईद-उल-फितर का त्योहार हर्षोल्लास, शांति और आपसी सौहार्द के साथ संपन्न हुआ। मुस्लिम समुदाय के लोगों ने ईदगाहों और मस्जिदों में नमाज अदा कर देश की तरक्की, अमन-चैन और सुख-शांति के लिए दुआ मांगी। नमाज के उपरांत लोगों ने एक-दूसरे से गले मिलकर ईद की मुबारकबाद दी, जिससे आपसी भाईचारे की मिसाल देखने को मिली। हाफिज नफीस चिश्ती ने मस्जिद में नमाज अदा कराते हुए सभी की सलामती, देश में शांति और विश्व में चल रहे संघर्षों के समाप्त होने की दुआ की। उन्होंने प्रेम, भाईचारे और सद्भाव बनाए रखने का संदेश भी दिया। त्योहार के दौरान जनपद में शांति, सुरक्षा और सौहार्दपूर्ण वातावरण बनाए रखने के लिए पुलिस बल पूरी तरह मुस्तैद रहा। पुलिस अधीक्षक कानपुर देहात श्रद्धा नरेंद्र पांडेय ने थाना अकबरपुर क्षेत्र में भ्रमण कर सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। वरिष्ठ अधिकारियों ने स्वयं मौके पर पहुंचकर व्यवस्थाओं की निगरानी की। इस दौरान पुलिस अधीक्षक श्रद्धा नरेंद्र पांडेय, अपर जिला अधिकारी (प्रशासन) अमित कुमार सहित अन्य अधिकारी लगातार विभिन्न स्थानों पर भ्रमण करते रहे और सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेते हुए आमजन को ईद की शुभकामनाएं दीं। थाना अकबरपुर क्षेत्र के अंतर्गत विभिन्न ईदगाहों, मस्जिदों और प्रमुख मार्गों का सूक्ष्म निरीक्षण किया गया। ड्यूटी पर तैनात पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को पूर्ण सतर्कता, मुस्तैदी से कार्य करने, असामाजिक तत्वों पर नजर रखने और सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। अधिकारियों ने आमजन से संवाद कर ईद की शुभकामनाएं दीं और अफवाहों से दूर रहने तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस या 112 पर देने की अपील की। त्योहार के अवसर पर छोटे बच्चों में भी खासा उत्साह देखने को मिला। बच्चे एक-दूसरे से गले मिलते और ईद की खुशियां साझा करते नजर आए। लोगों ने एक-दूसरे के घर जाकर सेवईं, चने, दही-बड़े जैसे पारंपरिक व्यंजनों का आनंद लेते हुए शुभकामनाएं दीं।

Leave a Reply