DniNews.Live

प्रयागराज-जौनपुर हाइवे पर खड़े ट्रक से टकराई रोडवेज बस:चालक की मौत, 9 यात्री घायल, टांडा जाते समय हुआ हादसा

जौनपुर के मुंगरा बादशाहपुर थाना क्षेत्र में प्रयागराज-मुंगरा बादशाहपुर हाईवे पर शनिवार सुबह एक रोडवेज बस खड़े ट्रक से टकरा गई। इस हादसे में बस चालक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि नौ यात्री गंभीर रूप से घायल हो गए। यह दुर्घटना कोदहूं गांव के पास सुबह करीब 5:30 बजे हुई। सिविल लाइन्स डिपो की रोडवेज बस (UP70/QT3038) लगभग 35 यात्रियों को लेकर प्रयागराज से टांडा की ओर जा रही थी। कोदहूं गांव के समीप पहुंचने पर बस अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड़े ट्रक से जा भिड़ी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बस के अगले हिस्से को भारी नुकसान पहुंचा। घटना की सूचना मिलते ही मुंगरा बादशाहपुर थानाध्यक्ष मिथिलेश कुमार तिवारी पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। घायलों को बस से बाहर निकालकर एंबुलेंस की मदद से प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र मुंगरा बादशाहपुर भेजा गया, जहां उनका इलाज जारी है। एक घायल को सीएचसी सतहरिया में भी भर्ती कराया गया है। इस दुर्घटना में बस चालक सतीश गुप्ता (45 वर्ष) पुत्र शीतला प्रसाद गुप्ता, निवासी ग्राम लवायन भावनपुर, थाना खुटहन, जौनपुर की मौके पर ही मृत्यु हो गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है। घायलों में राकेश कुमार (48 वर्ष) निवासी शकापुर, जौनपुर; मयंक सिंह (30 वर्ष) निवासी रवानिया कादीपुर, सुल्तानपुर; अनिल पटेल (30 वर्ष) निवासी कुंडरिया, जौनपुर; राजकुमार (43 वर्ष) निवासी शकापुर, जौनपुर; रामचंद्र निषाद (50 वर्ष) निवासी उमरी, जौनपुर; सूरज कुमार (29 वर्ष) निवासी मरगुपुर, जौनपुर; राहुल कुमार (28 वर्ष) निवासी आहोपुर, जौनपुर; प्रमोद कुमार यादव निवासी बरियाराम, प्रयागराज; और नीरज बिंद निवासी मेढ़ा, जौनपुर शामिल हैं। समाचार लिखे जाने तक सभी घायलों का इलाज चल रहा था। पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है। थानाध्यक्ष मिथिलेश कुमार तिवारी ने बताया कि प्रारंभिक जांच में बस के अनियंत्रित होने को दुर्घटना का मुख्य कारण माना जा रहा है। विस्तृत जानकारी जांच पूरी होने के बाद ही सामने आएगी।

Source: Dainik Bhaskar via DNI News (Prayagraj)

Puri Khabar Yahan Padhein…

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *