फिरोजाबाद में ईद के अवसर पर आस्था और भाईचारे का अनूठा संगम देखने को मिला। शहर के प्रमुख नमाज स्थलों गांधी पार्क और इस्लामिया मैदान में हजारों नमाजियों की भारी भीड़ उमड़ी, जिन्होंने एक साथ नमाज अदा कर अमन, खुशहाली और तरक्की की दुआ मांगी। सुबह से ही नमाजियों का जमावड़ा शुरू हो गया था। निर्धारित समय पर ईदगाह और मैदानों में नमाज शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई। नमाज के बाद लोगों ने एक-दूसरे को गले लगाकर ईद की मुबारकबाद दी, जिससे पूरे माहौल में भाईचारा और सौहार्द घुल गया। ईद के मद्देनजर प्रशासन पूरी तरह सतर्क रहा। जिलाधिकारी रमेश रंजन, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सौरभ दीक्षित, नगर आयुक्त और एडीएम सहित अन्य अधिकारियों ने नमाज स्थलों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। शहर के प्रमुख स्थानों पर भारी पुलिस बल तैनात किया गया था। ड्रोन और सीसीटीवी कैमरों से लगातार निगरानी की गई, ताकि किसी भी तरह की अव्यवस्था न हो। पुलिस और प्रशासन की मुस्तैदी के कारण पूरा कार्यक्रम शांतिपूर्वक संपन्न हुआ। नमाज के दौरान इमाम ने सभी से देश में शांति, सौहार्द और तरक्की के लिए दुआ करने की अपील की। नमाजियों ने भी एकजुट होकर देश की खुशहाली की कामना की। ईद के इस पावन अवसर पर फिरोजाबाद में गंगा-जमुनी तहजीब की खूबसूरत तस्वीर देखने को मिली, जहां सभी वर्गों के लोगों ने मिलकर प्रेम और भाईचारे का संदेश दिया।

Leave a Reply