सीतापुर में ईद-उल-फितर का पर्व इस वर्ष कड़ी सुरक्षा व्यवस्था और ड्रोन निगरानी के बीच शांतिपूर्ण माहौल में मनाया गया। जिले के शहर स्थित ईदगाह सहित शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों की करीब 300 से अधिक मस्जिदों में हजारों अकीदतमंदों ने नमाज अदा कर देश में अमन-चैन और तरक्की की दुआ मांगी। सुबह 8 बजे से ही ईदगाहों और मस्जिदों में लोगों की भीड़ जुटनी शुरू हो गई थी। अलग अलग समय पर अदा की जाने वाली नमाज के दौरान प्रशासन द्वारा विशेष सतर्कता बरती गई। ड्रोन कैमरों से लगातार निगरानी की जाती रही, जबकि संवेदनशील स्थानों पर पुलिस बल तैनात रहा। नमाज शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न होने के बाद लोगों ने एक-दूसरे से गले मिलकर ईद की मुबारकबाद दी और भाईचारे का संदेश दिया। जिलाधिकारी राजा गणपति आर और पुलिस अधीक्षक अंकुर अग्रवाल ने विभिन्न ईदगाहों और मस्जिदों का भ्रमण कर सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया। अधिकारियों ने मौके पर मौजूद पुलिस बल को आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए, जिससे पूरे जिले में शांति व्यवस्था बनी रही। वहीं जनप्रतिनिधियों ने भी नागरिकों को ईद की शुभकामनाएं दीं। कांग्रेस सांसद राकेश राठौर, नगर पालिका अध्यक्ष प्रतिनिधि मुनीन्द्र अवस्थी और सपा राष्ट्रीय सचिव अनूप गुप्ता ने लोगों को बधाई देते हुए आपसी भाईचारे और सौहार्द बनाए रखने की अपील की। ईद के मौके पर दिनभर घरों में सेवइयों और अन्य लजीज व्यंजनों का दौर चलता रहेगा। बच्चों और युवाओं में खासा उत्साह देखने को मिला। प्रशासन की मुस्तैदी और लोगों की समझदारी से त्योहार सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ है।

Leave a Reply