सोनभद्र के शक्तिनगर थाना क्षेत्र में एक ओवरलोड कोयला लदे ट्रक से गिरे भारी टुकड़े की चपेट में आने से एक बाइक सवार युवक की मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया। यह घटना एनसीएल खड़िया और दूधीचुआ के बीच रेलवे क्रॉसिंग पर हुई। जानकारी के अनुसार, एनसीएल खड़िया और दूधीचुआ रेलवे क्रॉसिंग पार करते समय एक ओवरलोड ट्रक से कोयले का एक बड़ा टुकड़ा नीचे गिर गया। इसी दौरान ट्रक के पीछे चल रहे दो बाइक सवार युवक इसकी चपेट में आ गए। हादसे में एक युवक ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, जबकि दूसरे घायल युवक को स्थानीय लोगों की मदद से अस्पताल पहुंचाया गया। घटना के बाद स्थानीय लोगों में नाराजगी फैल गई। ग्रामीणों ने मृतक के शव को रेलवे क्रॉसिंग ट्रैक पर रखकर घंटों जाम लगा दिया। वे दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे थे। सूचना मिलने पर शक्तिनगर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने लोगों को समझा-बुझाकर स्थिति को नियंत्रित किया और जाम खुलवाया। इसके बाद शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। स्थानीय लोगों का आरोप है कि क्षेत्र में लगातार ओवरलोड कोयला और राखड़ लदे वाहन चल रहे हैं, जिससे आए दिन दुर्घटनाएं होती रहती हैं। उनका कहना है कि प्रशासन की ओर से इन पर कोई ठोस कार्रवाई नहीं की जा रही है। ग्राम प्रधान हीरालाल ने बताया कि ट्रकों से भारी-भरकम कोयले के टुकड़े गिर रहे हैं, जिससे लोगों की जान जा रही है। उन्होंने प्रशासन पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए सख्त कार्रवाई की मांग की। मृतक के भाई ने भी ओवरलोड वाहनों पर कड़ी कार्रवाई की मांग करते हुए बताया कि उसका भाई बाजार से लौट रहा था, तभी यह हादसा हुआ। फिलहाल, पुलिस मामले की जांच में जुटी है।

Leave a Reply