फर्रुखाबाद जिले में शनिवार को ईद-उल-फितर का त्योहार हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। इस अवसर पर शहर और जिले भर की ईदगाहों व मस्जिदों में कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच ईद की नमाज अदा की गई। नमाज के बाद देश में अमन-चैन और भाईचारे की दुआ मांगी गई। रमजान माह के समापन के बाद ईद के मौके पर मुस्लिम समुदाय के लोगों ने एक-दूसरे को गले मिलकर ईद की मुबारकबाद दी। शहर की नई ईदगाह, पुरानी ईदगाह, फतेहगढ़ ईदगाह, सुनहरी मस्जिद, नूरी मस्जिद और शमशेरखानी मस्जिद सहित अन्य स्थानों पर अलग-अलग समय पर नमाज अदा की गई। नई ईदगाह में मौलाना मोअज्जम अली ने नमाज पढ़ाई और गुनाहों से माफी तथा कब्रिस्तान व दरगाहों की हिफाजत की दुआ की। उन्होंने शैतानों व जालिमों से कौम और देश को बचाने, भाईचारे को मजबूत करने तथा मुल्क में अमन व मोहब्बत कायम रखने की प्रार्थना की। पुरानी दरगाह में मौलाना शमशाद अहमद चतुर्वेदी और फतेहगढ़ में मौलाना राशिद ने नमाज अदा कराई। ईदगाहों और मस्जिदों पर पुलिस व प्रशासनिक अधिकारियों द्वारा सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे। जिलाधिकारी (DM) और पुलिस अधीक्षक (SP) ने विभिन्न स्थानों का जायजा लिया। सीओ सिटी ऐश्वर्या उपाध्याय बीबीगंज चौकी पर मौजूद रहीं और उन्होंने सभी को ईद की बधाई दी। सड़कों पर नमाज अदा करने की अनुमति नहीं दी गई। नमाज के दौरान पुलिस प्रशासन द्वारा ड्रोन कैमरों से भी निगरानी की गई। मस्जिदों और ईदगाहों के बाहर पुलिस के जवान तैनात रहे ताकि कोई अप्रिय घटना न हो। ईद की नमाज अदा कर बाहर आए लोगों का कांग्रेस नेता शुभम तिवारी और उनकी टीम ने पुष्प वर्षा कर स्वागत किया। आम आदमी पार्टी के जिलाध्यक्ष नीरज ने भी स्टॉल लगाकर लोगों को ईद की बधाई दी और गले मिलकर मुबारकबाद दी। मोहम्मद शाकिर ने बताया की नवाज अदा की गई है। देश में अमन चैन का सभी लोग भाईचारे के साथ रहें यही दुआ की गई है। मजरुद्दीन ने बताया ईद की नमाज में सभी लोग भाईचारे के साथ रहे यही दुआ की गई है। हाजी अकील अहमद ने कहा प्रशासन द्वारा बहुत अच्छा इंतजाम किया गया बहुत अच्छे तरीके से ईद की नमाज अदा की गई है। हिंदू हो या मुसलमान सभी को मिलजुल कर रहना चाहिए।

Leave a Reply