DniNews.Live

ईदगाह पर दो शिफ्ट में अदा हुई ईद की नमाज:मिडिल ईस्ट में अमन की दुआ, अधिकारियों ने दी मुबारकबाद

इटावा में शनिवार सुबह ईद-उल-फितर के मौके पर शहर के ईदगाह में बड़ी संख्या में नमाजियों ने ईद की नमाज़ अदा की। इस दौरान नमाज के बाद खास तौर पर मिडिल ईस्ट में जारी हालात को लेकर अमन-चैन की दुआ मांगी गई। भीड़ अधिक होने के कारण नमाज दो शिफ्ट में कराई गई और प्रशासन की कड़ी निगरानी में पूरा कार्यक्रम शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हुआ। नमाज के बाद लोगों ने खास तौर पर मिडिल ईस्ट के देशों में शांति और स्थिरता के लिए दुआ मांगी। अकीदतमंदों ने कहा कि दुनिया में कहीं भी अशांति हो, उसका असर सभी पर पड़ता है, इसलिए ईद के मौके पर अमन और भाईचारे की दुआ सबसे अहम है। इस दौरान लोगों ने देश में भी शांति और खुशहाली की कामना की। दो शिफ्ट में हुई नमाज, उमड़ा जनसैलाब ईदगाह परिसर में सुबह 7 बजे और 8 बजे दो अलग-अलग समय पर नमाज अदा कराई गई। दोनों ही शिफ्ट में बड़ी संख्या में मुस्लिम समाज के लोग पहुंचे और पूरी आस्था के साथ इबादत की। भीड़ को देखते हुए यह व्यवस्था की गई, जिससे सभी लोग व्यवस्थित तरीके से नमाज अदा कर सकें और किसी तरह की असुविधा न हो। प्रशासन रहा पूरी तरह मुस्तैद शांति और सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए प्रशासन पूरी तरह अलर्ट रहा। जिलाधिकारी शुभ्रांत कुमार शुक्ल, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बृजेश कुमार श्रीवास्तव और सीओ सिटी अभय नारायण राय सहित पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर मौजूद रहे। अधिकारियों ने व्यवस्थाओं का जायजा लिया और यह सुनिश्चित किया कि कहीं भी अव्यवस्था की स्थिति न बने। सड़कों पर नमाज की नहीं दी गई अनुमति प्रशासन द्वारा पहले ही निर्देश जारी किए गए थे कि कोई भी व्यक्ति सड़कों या खुले स्थानों पर नमाज अदा नहीं करेगा। इन निर्देशों का सख्ती से पालन कराया गया। ईदगाह और अन्य मस्जिदों के आसपास पुलिस बल तैनात रहा और हर गतिविधि पर नजर रखी गई। नेताओं और सामाजिक लोगों ने दी मुबारकबाद ईद के मौके पर समाजवादी पार्टी के सांसद जितेंद्र दोहरे, जिलाध्यक्ष प्रदीप शाक्य, पूर्व प्रत्याशी सर्वेश शाक्य, पूर्व चेयरमैन कुलदीप गुप्ता संटू, सपा पूर्व नगर अध्यक्ष वसीम चौधरी, आशीष राजपूत, कांग्रेस नेताओं और व्यापार मंडल के पदाधिकारियों ने ईदगाह पहुंचकर मुस्लिम समाज के लोगों को गले मिलकर मुबारकबाद दी। सभी ने आपसी भाईचारे और शांति का संदेश दिया। शहर में दिखा भाईचारे और खुशी का माहौल ईद के इस मौके पर शहर की विभिन्न मस्जिदों में भी नमाज अदा की गई। नमाज के बाद लोगों ने एक-दूसरे को गले मिलकर बधाई दी और मिठाइयां बांटीं। बच्चों और बुजुर्गों के चेहरों पर खुशी साफ नजर आई और पूरे शहर में भाईचारे और सौहार्द का माहौल बना रहा।

Source: Dainik Bhaskar via DNI News (Prayagraj)

Puri Khabar Yahan Padhein…

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *