सुल्तानपुर में शनिवार को ईद-उल-फितर की नमाज शांतिपूर्ण ढंग से अदा की गई। जिले की 150 ईदगाहों और 2260 मस्जिदों में नमाज के बाद देश में अमन-चैन और शांति के लिए दुआएं मांगी गईं। इस अवसर पर सभी ने एक-दूसरे को गले मिलकर ईद की मुबारकबाद दी। ईद-उल-फितर का त्योहार पूरे जिले में धूमधाम से मनाया गया। शहर और ग्रामीण क्षेत्रों के बाजार दिनभर गुलजार रहे, जहां लोगों ने जमकर खरीदारी की। चौक स्थित जामा मस्जिद के इमाम मौलाना अब्दुल लतीफ ने सुबह नौ बजे ईदगाह मैदान में सुन्नी समुदाय के लोगों को ईद की नमाज अदा कराई। मीडिया से बात करते हुए मौलाना अब्दुल लतीफ ने सभी से आपसी मेल-जोल और मोहब्बत के साथ रहने की अपील की। उन्होंने कहा कि यदि इस पर अमल किया जाए, तो समाज कई बुराइयों से बच सकता है। उन्होंने हिंदू, मुसलमान, सिख और ईसाई सभी समुदायों से मिलजुलकर रहने और एक-दूसरे की खुशियों में शरीक होने का संदेश दिया। 8 तस्वीरें देखिए… उधर, खैराबाद स्थित शिया मस्जिद में मौलाना बबर अली खां ने नमाज अदा कराई। मौलाना ने लोगों से सादगी के साथ ईद मनाने का आग्रह किया और कहा कि इस मौके पर गरीबों को वंचित न रखा जाए। सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनजर, सभी धर्म स्थलों के पास पुलिस प्रशासन का कड़ा पहरा रहा। अपर जिलाधिकारी (एडीएम) ने बताया कि जनपद में सेक्टर स्कीम लागू की गई थी, जिसके तहत 18 जोन और 89 सेक्टर में बांटकर मजिस्ट्रेटों की ड्यूटी लगाई गई थी। सभी विभागों को व्यवस्थाएं दुरुस्त रखने के निर्देश दिए गए थे। शहर स्थित ईदगाह पर एडीएम प्रशासन गौरव शुक्ला, अपर पुलिस अधीक्षक अखंड प्रताप सिंह, सीओ सिटी सौरभ सामंत, एसडीएम सदर बिपिन द्विवेदी, नगर कोतवाल संदीप राय, ट्रैफिक इंचार्ज राम निरंजन यादव, डॉ. लाल जी, सुरक्षा संगठन के सरदार बलदेव सिंह, डॉ. राजीव श्रीवास्तव और आशीष अग्रवाल एडवोकेट सहित कई गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहे।

Leave a Reply