जौनपुर जिले में शनिवार को ईद-उल-फितर का त्योहार अकीदत और उत्साह के साथ मनाया गया। शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में हजारों लोगों ने नमाज अदा की। मुख्य नमाज मछलीशहर पड़ाव स्थित शाही ईदगाह में सुबह 9:15 बजे अदा की गई। यहां हजारों अकीदतमंद जुटे और मौलाना कमर ने नमाज पढ़ाई। इस दौरान देश में अमन, चैन और भाईचारा बनाए रखने की दुआ मांगी गई। नमाज के बाद लोगों ने एक-दूसरे को गले मिलकर ईद की मुबारकबाद दी। सड़कों पर लोगों का हुजूम उमड़ पड़ा। लोग एक-दूसरे के घरों पर भी गए, जहां सेवई और विभिन्न पकवानों का दौर चला। शाही ईदगाह के अलावा जौनपुर की अटाला मस्जिद, बड़ी मस्जिद, सदर इमामबाड़ा, शाही बड़ी मस्जिद, मदीना मस्जिद, आया मस्जिद, हुसैनिया नकी फाटक मस्जिद और हकीमी जामा मस्जिद सिपाह सहित विभिन्न मस्जिदों और ईदगाहों में भी निर्धारित समय पर नमाज अदा की गई। सपा सांसद बाबू सिंह कुशवाहा ने क्षेत्रवासियों को ईद-उल-फितर की मुबारकबाद दी। उन्होंने कहा कि यह पर्व त्याग, सेवा और आपसी भाईचारे की प्रेरणा देता है और सभी से मिलजुल कर त्योहार मनाने की अपील की। सिटी मजिस्ट्रेट इंद्र नंदन सिंह ने बताया कि ईद के मौके पर जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट रहा। सीओ सिटी गोल्डी गुप्ता ने जानकारी दी कि ड्रोन कैमरे से निगरानी की गई और सभी संवेदनशील जगहों पर कड़ी सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित की गई थी।

Leave a Reply