बिजनौर में धर्मांतरण के विरोध में प्रदर्शन:सैकड़ों हिंदूओ ने कलेक्ट्रेट पर धरना दिया, धार्मिक स्वतंत्रता विधेयक को बताया जरूरी

बिजनौर में हिंदू संगठनों के बैनर तले सैकड़ों लोगों ने धर्मांतरण के विरोध में जोरदार प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारी नुमाइश मैदान में इकट्‌ठे हुए और वहां से नारेबाजी करते हुए कलेक्ट्रेट पहुंचे। कलेक्ट्रेट परिसर में पहुंचकर उन्होंने धरना दिया। इस प्रदर्शन का नेतृत्व जूना अखाड़ा ज्ञान आश्रम नांगल सोती के महंत कलपुरी महाराज पंचम दास ने किया। महंत कलपुरी महाराज ने बताया कि धार्मिक स्वतंत्रता विधेयक भारत की आत्मा और उसकी विविधता की रक्षा के लिए आवश्यक है। पहले 2 तस्वीरें देखिए… उन्होंने आरोप लगाया कि विदेशी धन और मिशनरियों द्वारा गांवों, जंगलों और विभिन्न बस्तियों को निशाना बनाकर धर्मांतरण का गोरखधंधा चलाया जा रहा है। उनके अनुसार, यह देश की मूल सांस्कृतिक धरोहर पर कुठाराघात है। महंत ने कहा कि उत्तर प्रदेश और मध्य प्रदेश सहित विभिन्न राज्यों में धर्मांतरण विरोधी कानून किसी धर्म की आस्था के साथ खिलवाड़ नहीं करते। उन्होंने यह भी बताया कि इन कानूनों को सुप्रीम कोर्ट में चुनौती देने का षड्यंत्र चल रहा है, जिसका उद्देश्य हिंदू समाज का धर्मांतरण करना है। इस प्रदर्शन में संत समाज, मातृशक्ति और हिंदू समाज के बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए। प्रदर्शनी मैदान से नारे लगाते हुए कलेक्ट्रेट पहुंचे इन लोगों ने एकजुट होकर धर्मांतरण का विरोध किया। इस अवसर पर गुरु पाल आर्य, सुभाष चंद्र महाराज, नागेंद्र पुरी, शिवपुरी और बबलू पुरी महाराज सहित हजारों लोग उपस्थित थे।

Curated by DNI Team | Source: https://ift.tt/o6uzh8y