श्रावस्ती में ‘रन फॉर एंपावरमेंट’ रैली का आयोजन:मिशन शक्ति 5.0 के तहत महिला सुरक्षा और सम्मान का दिया संदेश

उत्तर प्रदेश शासन के मिशन शक्ति अभियान के तहत श्रावस्ती जनपद में ‘रन फॉर एंपावरमेंट’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। पुलिस अधीक्षक राहुल भाटी के नेतृत्व में आयोजित इस कार्यक्रम में उन्होंने रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। यह रैली पुलिस लाइन श्रावस्ती से शुरू होकर भिनगा तक संपन्न हुई। इसमें पुलिस बल, छात्र-छात्राएं, महिला पुलिसकर्मी और आम नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य समाज में महिला सुरक्षा, सम्मान और आत्मनिर्भरता का संदेश देना था। इसका लक्ष्य आमजन में जागरूकता और सहभागिता की भावना को मजबूत करना भी था, ताकि महिला सशक्तिकरण केवल सरकारी नीतियों तक सीमित न रहे। समाज में समानता का भाव स्थापित करना है रैली के दौरान पुलिस लाइन से भिनगा तक ‘नारी शक्ति, देश की शक्ति’ और ‘बेटी है तो कल है’ जैसे प्रेरक नारे गूंजते रहे। इन नारों ने पूरे क्षेत्र में महिला सशक्तिकरण के संदेश को प्रभावी ढंग से फैलाया। रैली को संबोधित करते हुए पुलिस अधीक्षक राहुल भाटी ने कहा, “मिशन शक्ति का मूल उद्देश्य महिलाओं को भयमुक्त वातावरण प्रदान करना, उन्हें आत्मनिर्भर बनाना और समाज में समानता का भाव स्थापित करना है।” इस दौड़ ने महिलाओं को आत्मविश्वास और आत्मनिर्भरता की ओर प्रेरित किया। साथ ही, इसने समाज में सुरक्षा, सम्मान और समानता के प्रति लोगों में जागरुकता बढ़ाई। श्रावस्ती पुलिस महिला सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन के लिए प्रतिबद्ध है।

Curated by DNI Team | Source: https://ift.tt/j3sTLNf