महर्षि वाल्मीकि जयंती पर अखंड रामायण पाठ का आयोजन:श्रावस्ती डीएम ने सीताद्वार मंदिर में दीप प्रज्वलित कर किया शुभारंभ

श्रावस्ती में महर्षि वाल्मीकि जयंती के अवसर पर जनपद के विभिन्न राम-सीता, महर्षि वाल्मीकि और हनुमान मंदिरों में अखंड रामायण पाठ का आयोजन किया गया। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की प्रेरणा से आयोजित इस कार्यक्रम का मुख्य शुभारंभ जिलाधिकारी अजय कुमार द्विवेदी ने इकौना विकास खंड के टड़वा महंत स्थित सीताद्वार मंदिर में किया। उन्होंने महर्षि वाल्मीकि की प्रतिमा पर माल्यार्पण और पूजा-अर्चना कर अखंड रामायण पाठ का उद्घाटन किया। इस दौरान संस्कृति एवं सूचना विभाग के कलाकारों ने भगवान श्रीराम के जीवन पर आधारित विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। यह आयोजन प्रदेश सरकार के दिशा-निर्देशों के क्रम में किया गया, जिसका उद्देश्य महर्षि वाल्मीकि के संदेशों को जन-जन तक पहुंचाना था। जिलाधिकारी ने इस अवसर पर जनपद वासियों को महर्षि वाल्मीकि जयंती की शुभकामनाएं दीं। अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि रामायण महाकाव्य भारतीय जनमानस की जीवन रेखा है। यह हमें चरित्र, धर्म, न्याय, नीति और सत्य के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देता है। उन्होंने बताया कि महर्षि वाल्मीकि ने रामायण के माध्यम से समाज को जो राह दिखाई है, वह युगों-युगों तक हमारा मार्गदर्शन करती रहेगी। वाल्मीकि से संबंधित स्थलों और मंदिरों पर 24 घंटे का अखंड रामायण पाठ आयोजित किया जा रहा है, ताकि वाल्मीकि रामायण में निहित मानव मूल्यों, सामाजिक मूल्यों और राष्ट्रीय मूल्यों से आम जनमानस को जोड़ा जा सके। सूचना संस्कृति विभाग के कलाकार शाहिद रजा ने भगवान श्रीराम के भजन सुनाकर भक्तों को राममय कर दिया। इस अवसर पर परियोजना निदेशक अश्वनी कुमार, सहायक पर्यटन अधिकारी मनीष श्रीवास्तव, खंड विकास अधिकारी इकौना, जिला समन्वयक राजकुमार त्रिपाठी सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु और भक्त उपस्थित रहे।

Curated by DNI Team | Source: https://ift.tt/BAjRcIV