सहारनपुर में ‘रन फॉर एम्पावरमेंट’ मैराथन आयोजित:महिला सुरक्षा और सशक्तिकरण के लिए दौड़ीं छात्राएं व युवतियां

सहारनपुर पुलिस ने मंगलवार को ‘रन फॉर एम्पावरमेंट- वुमेन मैराथन’ का आयोजन किया। महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान और सशक्तिकरण के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से यह मैराथन मिशन शक्ति अभियान फेज-5.0 के तहत रिज़र्व पुलिस लाइन्स के परेड़ ग्राउंड से शुरू हुई। मैराथन का शुभारंभ एसएसपी आशीष तिवारी ने हरी झंडी दिखाकर किया। इसमें बड़ी संख्या में महिला पुलिसकर्मी, छात्राएं, सामाजिक संस्थाओं की प्रतिनिधि और विभिन्न आयु वर्ग की महिलाओं व युवतियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। परेड़ ग्राउंड ‘महिला सशक्तिकरण’ और ‘सुरक्षित समाज’ के नारों से गूंज उठा। इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य महिलाओं में आत्मविश्वास बढ़ाना, सुरक्षा की भावना मजबूत करना और सशक्तिकरण के प्रति जागरूकता फैलाना था। प्रतिभागियों और आमजन को महिला सुरक्षा से जुड़े कानूनों, हेल्पलाइन नंबरों जैसे 1090, 112 और पुलिस की त्वरित सहायता सेवाओं की जानकारी भी दी गई। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने अपने संबोधन में कहा कि महिलाओं की सुरक्षा और सम्मान उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने जोर दिया कि समाज में सकारात्मक सोच और जागरूकता बढ़ाकर ही सुरक्षित वातावरण तैयार किया जा सकता है। मैराथन में भाग लेने वाली छात्राओं और बालिकाओं ने पूरे जोश के साथ दौड़ लगाई। प्रतियोगिता में प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान पर आने वाली प्रतिभागियों को पुलिस प्रशासन की ओर से पुरस्कार और प्रशस्ति पत्र प्रदान किए गए। पुलिस अधिकारियों ने कहा कि ऐसे कार्यक्रम न केवल महिलाओं में आत्मविश्वास जगाते हैं, बल्कि समाज को यह संदेश भी देते हैं कि महिला सुरक्षा के लिए पुलिस और आमजन को मिलकर काम करना होगा। सहारनपुर पुलिस की इस पहल को महिला सशक्तिकरण की दिशा में एक सराहनीय कदम माना जा रहा है।

Curated by DNI Team | Source: https://ift.tt/ZWCtHY2