रायबरेली मॉब लिंचिंग पर राहुल गांधी का सरकार पर हमला:X पर लिखा- नफरत-हिंसा और भीड़तंत्र को सत्ता का संरक्षण, खड़गे ने भी लिखा लेटर
रायबरेली में हुई मॉब लिंचिंग मामले को लेकर सांसद राहुल गांधी ने X पर पोस्ट कर भाजपा सरकार को घेरा है। राहुल गांधी ने लिखा- रायबरेली में दलित युवक हरिओम वाल्मीकि की हत्या केवल एक इंसान की नहीं, बल्कि इंसानियत, संविधान और न्याय की हत्या है। कांग्रेस हर कदम हरिओम के साथ खड़ी है। वहीं, कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़ने ने भी इस मामले को लेकर लेटर लिखा है। उन्होंने लिखा- रायबरेली में दलित युवक हरिओम वाल्मीकि की निर्मम हत्या सिर्फ़ एक इंसान की नहीं – इंसानियत, संविधान और न्याय की हत्या है। दरअसल, ऊंचाहार क्षेत्र में 2 अक्टूबर को एक दलित युवक हरिओम की ग्रामीणों ने पीट-पीटकर हत्या कर दी। जिसके तीन वीडियो भी सामने आए थे। जिनमें हरिओम को लाठी डंडों, बेल्ट और लात घूंसों से से मारते हुए लोग नजर आ रहे हैं। घटना के बाद पुलिस ने पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। मृतक हरिओम की पत्नी का दावा है कि उनके पति मानसिक रूप से अस्वस्थ थे। वो उनसे मिलने रायबरेली आए थे,तभी रास्ता भटक गए थे।
इस घटना को लेकर कांग्रेस ने सरकार को घेरना शुरू कर दिया है। रायबरेली सांसद राहुल गांधी ने सबसे पहले मृतक के परिजनों से फोन पर बात की। इसके बाद प्रदेश अध्यक्ष अजय राय परिजनों से मुलाकात करने फतेहपुर पहुंचे। अब पढ़िए राहुल गांधी ने जो पोस्ट किया राहुल गांधी ने अपने ट्वीट में कहा कि रायबरेली में दलित युवक हरिओम वाल्मीकि की निर्मम हत्या केवल एक इंसान की नहीं, बल्कि इंसानियत, संविधान और न्याय की हत्या है। देश में दलितों, आदिवासियों, मुसलमानों, पिछड़ों और गरीबों को निशाना बनाया जा रहा है, जिनकी आवाज कमजोर है। देश में नफरत, हिंसा और भीड़तंत्र को सत्ता का संरक्षण मिला हुआ है, जहां संविधान की जगह बुलडोजर और इंसाफ की जगह डर ने ले ली है। मैं हरिओम के परिवार के साथ खड़ा हूं। उन्हें न्याय जरूर मिलेगा। भारत का भविष्य समानता और मानवता पर टिका है। यह देश चलेगा संविधान से। इसके साथ ही कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खडगे ने भी योगी सरकार पर हमला करते हुए लेटर लिखा है। लेटर में लिखा- रायबरेली में दलित युवक हरिओम वाल्मीकि की निर्मम और क्रूर हत्या की कांग्रेस पार्टी कड़ी से कड़ी निंदा करती है। हमारे देश में एक संविधान है, जो हर इंसान को समानता के भाव से पहचानता है। एक कानून है, जो हर नागरिक की सुरक्षा, उसके अधिकार और उसकी अभिव्यक्ति को समान दर्जा देता है। जो रायबरेली में हुआ, वह इस देश के संविधान के प्रति घोर अपराध है। दलित समुदाय के प्रति अपराध है, और इस देश व समाज पर कलंक है। देश में दलितों, अल्पसंख्यकों और गरीबों पर अपराध की संख्या हद से ज़्यादा बढ़ चुकी है। यह हिंसा सबसे अधिक उन्हीं पर होती है जो वंचित हैं, बहुजन हैं, जिनकी न पर्याप्त हिस्सेदारी है, न प्रतिनिधित्व । चाहे हाथरस और उन्नाव में महिलाओं के खिलाफ़ अपराध हों, रायबरेली में हरिओम की हत्या, या कुछ समय पहले, रोहित वेमुला की संस्थागत हत्या, मध्य प्रदेश में एक नेता द्वारा आदिवासी युवक पर पेशाब करने की अमानवीय घटना, ओडिशा और मध्य प्रदेश में दलितों की निर्मम पिटाई, या फिर हरियाणा के पहलू खान और उत्तर प्रदेश के अखलाक की हत्या, हर घटना हमारे समाज, प्रशासन और सत्ताधारी शक्तियों की बढ़ती हुई संवेदनहीनता का दर्पण है। 2014 के बाद से मॉब लिंचिंग, बुलडोज़र अन्याय और भीड़तंत्र जैसी प्रवृत्तियां हमारे समय की भयावह पहचान बन चुकी हैं। हिंसा किसी भी सभ्य समाज की निशानी नहीं हो सकती इसलिए हरिओम के साथ जो हुआ, वह हमारी सामूहिक नैतिकता पर गहरा प्रश्न है। डॉ. भीमराव आंबेडकर के सपनों का भारत और महात्मा गांधी के ‘वैष्णव जन…’ का भारत सामाजिक न्याय, समानता और संवेदना का भारत है, जिसमें ऐसे अपराधों के लिए कोई स्थान नहीं। मानवता ही एकमात्र रास्ता है। कांग्रेस पार्टी समाज के वंचित और कमजोर तबकों के सशक्तिकरण के लिए प्रतिबद्ध है। हम नागरिकों से आह्वान करते हैं कि वे इस अन्याय के विरुद्ध एकजुट हों। यह लड़ाई तब तक जारी रहनी चाहिए, जब तक हर भारतीय के अधिकारों और जीवन की गरिमा को पूर्ण सुरक्षा नहीं मिल जाती।
Curated by DNI Team | Source: https://ift.tt/w8hkJHZ
Leave a Reply