ललितपुर में शुक्रवार शाम हुई बारिश के दौरान दो अलग-अलग ट्रैक्टर-ट्रॉली हादसों में तीन लोगों की मौत हो गई। इन घटनाओं में एक बुजुर्ग महिला, उनकी परनातिन और एक अन्य महिला किसान शामिल हैं। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पहला हादसा बानपुर थाना क्षेत्र के ग्राम भारौनी में हुआ। यहां 75 वर्षीय गौराबाई अहिरवार (पत्नी बिरजू अहिरवार) अपने परिवार के साथ खेत पर गेहूं की थ्रेसिंग कराने गई थीं। शुक्रवार शाम थ्रेसिंग पूरी होने के बाद बारिश शुरू हो गई। बारिश से बचने के लिए परिवार ने अनाज ट्रैक्टर-ट्रॉली में रखा और गौराबाई अपनी ढाई वर्षीय परनातिन राधिका (पुत्री रामकुमार) के साथ ट्रॉली में बैठ गईं। गांव लौटते समय रास्ते में गौराबाई और राधिका ट्रैक्टर-ट्रॉली से नीचे गिर गईं और पहियों के नीचे कुचल गईं। गौराबाई की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि राधिका को परिजन मेडिकल कॉलेज ले गए, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। बानपुर थानाध्यक्ष अरुण कुमार तिवारी ने बताया कि परिजनों ने अभी तक थाने में दुर्घटना की सूचना नहीं दी है। पुलिस बल को जानकारी जुटाने के लिए गांव भेजा गया है। दूसरा हादसा सदर कोतवाली क्षेत्र के ग्राम बुढ़वार में हुआ। यहां 40 वर्षीय रेखा यादव पत्नी रहीश अपने पति और अन्य परिजनों के साथ खेत पर फसल की थ्रेसिंग के लिए गई थीं। शुक्रवार शाम को मौसम बदला और बारिश शुरू हो गई। बारिश से बचने के लिए रेखा अपने पति और परिजनों के साथ ट्रैक्टर में बैठकर घर लौट रही थीं। रास्ते में वह अचानक ट्रैक्टर से गिर गईं और पहिए की चपेट में आ गईं, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गईं। परिजन उन्हें मेडिकल कॉलेज ले गए, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। मृतका के भतीजे पंकज यादव ने बताया कि रेखा के एक पुत्र और एक पुत्री है। वे शुक्रवार को खेत पर गए थे और बारिश के कारण ट्रैक्टर से लौटते समय यह हादसा हुआ।

Leave a Reply