DniNews.Live

केंद्रीय मंत्री के स्वागत में बीजेपी नेता के पैसे गायब:औरैया में 50 हजार रुपए छीनने का आरोप, हाईवे पर धरना दिया

औरैया के अजीतमल टोल प्लाजा पर शुक्रवार को केंद्रीय मंत्री साध्वी निरंजन ज्योति के स्वागत कार्यक्रम के दौरान भाजपा मंडल अध्यक्ष हरिओम से 50 हजार रुपए छीनने का आरोप लगा है। इस घटना के बाद हरिओम ने हाईवे पर धरना शुरू कर दिया। बताया गया कि स्वागत के दौरान कार्यकर्ताओं के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हुई, जो हल्की झड़प में बदल गई। कार्यक्रम समाप्त होने के बाद दिबियापुर क्षेत्र के भाजपा मंडल अध्यक्ष हरिओम ने आरोप लगाया कि झड़प के दौरान उनकी जेब से करीब 50 हजार रुपए गिर गए। उन्होंने बताया कि एक व्यक्ति ने रुपये उठाने से पहले ही उन्हें झपट लिया। विरोध करने पर आरोपी ने हाथापाई की और रुपये लेकर फरार हो गया। धरने की सूचना मिलने पर कोतवाल ललितेश त्रिपाठी मौके पर पहुंचे। उन्होंने मंडल अध्यक्ष हरिओम को समझाकर स्थिति को नियंत्रित किया और उन्हें हाईवे से हटाकर चौकी ले गए। वहां पीड़ित हरिओम ने आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग करते हुए लिखित तहरीर दी। कोतवाल ललितेश त्रिपाठी ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। उन्होंने आश्वस्त किया कि दोषियों के खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Source: Dainik Bhaskar via DNI News (Prayagraj)

Puri Khabar Yahan Padhein…

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *