DniNews.Live

गिट्टी को लेकर दो परिवारों में खूनी संघर्ष, VIDEO:देवरिया में जमकर लाठी-डंडे चले, दो लोग गंभीर घायल

देवरिया जिले के बघौचघाट थाना क्षेत्र के मेहंदी पट्टी गांव में आरसीसी सड़क निर्माण के बाद बची गिट्टी को लेकर दो पट्टीदार परिवारों के बीच हिंसक झड़प हो गई। इस विवाद में लाठी-डंडे और ईंट-पत्थर चले, जिसमें दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना का वीडियो सामने आने के बाद पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। जानकारी के अनुसार, गांव में आरसीसी सड़क बनने के बाद कुछ गिट्टी बच गई थी। दोनों पक्षों के लोगों ने इस गिट्टी को अपने-अपने घरों में ले जाना शुरू कर दिया। इसी बात को लेकर भूखल प्रसाद और विश्वनाथ प्रसाद के परिवारों के बीच कहासुनी हो गई, जो जल्द ही मारपीट में बदल गई। गुरुवार शाम को यह विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों पक्षों के करीब एक दर्जन लोग लाठी-डंडे और ईंट-पत्थर लेकर आमने-सामने आ गए। इस दौरान जमकर मारपीट हुई। मारपीट में 80 वर्षीय भूखल प्रसाद पर हमला किया गया। उन्हें बचाने पहुंची उनकी 19 वर्षीय नातिन अनुष्का भी गंभीर रूप से घायल होकर बेहोश हो गईं। घटना में अनीता देवी (35) और कुसुम (40) सहित कुछ अन्य लोगों को भी चोटें आई हैं। स्थानीय लोगों ने किसी तरह बीच-बचाव कर मामला शांत कराया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और सभी घायलों को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस प्रशासन हरकत में आया है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है और तहरीर के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। ग्रामीणों के अनुसार, इस मामूली विवाद ने गांव में तनाव का माहौल पैदा कर दिया है।

Source: Dainik Bhaskar via DNI News (Prayagraj)

Puri Khabar Yahan Padhein…

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *