मिर्जापुर में प्रदेश के कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही ने विंध्याचल धाम में दर्शन-पूजन के बाद नववर्ष पर प्रदेश सरकार के नौ वर्ष पूरे होने पर जनता को बधाई दी। इस दौरान उन्होंने सनातन संस्कृति, कानून-व्यवस्था और महंगाई जैसे मुद्दों पर बात की और विपक्षी दलों पर निशाना साधा। कृषि मंत्री ने सनातन परंपरा में नारी शक्ति के सर्वोच्च स्थान पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि जब-जब नारी शक्ति का अपमान हुआ है, तब-तब शक्ति ने दुष्टों और अराजक तत्वों का विनाश किया है। उन्होंने विश्वास दिलाया कि आगामी समय में भी जनता और नारी शक्ति के सहयोग से गुंडों व माफियाओं के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी, जिससे उत्तर प्रदेश में कानून-व्यवस्था और मजबूत होगी। उन्होंने नवरात्र पर्व का भी उल्लेख किया, जिसे सदियों से मां दुर्गा के विभिन्न स्वरूपों की पूजा के रूप में मनाया जाता है। मंत्री ने कहा कि यह पर्व समाज को अन्याय और अत्याचार के खिलाफ खड़े होने की प्रेरणा देता है और मां दुर्गा का आशीर्वाद प्रदेश व देश को शक्ति प्रदान करता रहेगा। गैस सिलेंडर की कीमतों पर उठ रहे सवालों को मंत्री शाही ने अनावश्यक बताया। उन्होंने कहा कि वैश्विक परिस्थितियों के कारण कई देशों में गैस के दाम बढ़े हैं, लेकिन भारत में स्थिति नियंत्रण में है। सरकार आपूर्ति बनाए रखने के लिए लगातार प्रयास कर रही है, और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देशहित को सर्वोपरि रखकर निर्णय लिए जा रहे हैं। कृषि मंत्री ने उज्ज्वला योजना का जिक्र करते हुए बताया कि इसके लाभार्थियों को रियायती दर पर गैस सिलेंडर मिल रहे हैं, जिससे गरीब परिवारों को राहत मिली है। उन्होंने विपक्षी दलों, विशेषकर कांग्रेस पर आरोप लगाया कि वे महंगाई और अन्य मुद्दों पर राजनीति कर जनता को भ्रमित करने का प्रयास कर रहे हैं। अंत में, उन्होंने वर्तमान वैश्विक परिस्थितियों को देखते हुए सभी से जिम्मेदारी के साथ देशहित में सोचने और आम जनता के मनोबल को मजबूत बनाए रखने का आह्वान किया।

Leave a Reply