DniNews.Live

1 अप्रैल से बनेगा पंचायतवार अपराधी रिकॉर्ड:थाना इनायतनगर में लागू होगी नई व्यवस्था, संभ्रांत लोगों से संवाद

अयोध्या के मिल्कीपुर सर्किल स्थित थाना कोतवाली इनायतनगर परिसर में नवनिर्मित आगंतुक कक्ष का लोकार्पण एसएसपी डॉ. गौरव ग्रोवर ने किया। इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण बलवंत चौधरी, एसडीएम मिल्कीपुर सुधीर कुमार और क्षेत्राधिकारी अजय सिंह सहित कई प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे। कार्यक्रम की शुरुआत गार्ड ऑफ ऑनर से हुई, जिसके बाद एसएसपी ने आगंतुक कक्ष में क्षेत्र के संभ्रांत नागरिकों के साथ बैठक की। बैठक के दौरान एसएसपी ने कानून-व्यवस्था में सुधार के लिए एक नई पहल की घोषणा की। उन्होंने बताया कि 1 अप्रैल से थाना क्षेत्र की प्रत्येक ग्राम पंचायत का अपराधी डेटा तैयार किया जाएगा। इससे यह स्पष्ट हो सकेगा कि किस पंचायत में सर्वाधिक एफआईआर दर्ज हो रही हैं। एसएसपी ने उल्लेख किया कि ऐसी पहल उन्होंने पूर्व में गोरखपुर जनपद में भी लागू की थी, जिसके सकारात्मक परिणाम सामने आए थे और मुकदमों की संख्या में कमी आई थी। संभ्रांत नागरिकों ने क्षेत्र की प्रमुख समस्याओं को साझा करते हुए बताया कि राजस्व संबंधी विवाद यहां सबसे अधिक होते हैं। इस पर एसएसपी ने संबंधित अधिकारियों को इन मामलों के त्वरित और प्रभावी निस्तारण के निर्देश दिए, ताकि लोगों को अनावश्यक परेशानी का सामना न करना पड़े। लोकार्पण कार्यक्रम के बाद, एसएसपी ने थाना क्षेत्र के विभिन्न गांवों में तैनात चौकीदारों को टॉर्च, डंडा और साफा वितरित किया। उन्होंने कहा कि चौकीदार ग्रामीण सुरक्षा व्यवस्था की रीढ़ होते हैं और उनकी सशक्त भूमिका से ही कानून-व्यवस्था मजबूत होती है। संसाधनों की उपलब्धता से रात्रि गश्त और निगरानी व्यवस्था को अधिक प्रभावी बनाया जा सकेगा। इस अवसर पर एसएसपी ने थाना परिसर में चंदन और कपूर के पौधों का रोपण भी किया। उन्होंने परिसर में कराए गए सौंदर्यीकरण कार्यों का निरीक्षण किया और प्रभारी निरीक्षक रतन कुमार शर्मा के प्रयासों की सराहना की। उन्होंने अन्य थानों को भी इसी प्रकार कार्य करने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम में पुलिस, प्रशासनिक अधिकारियों और क्षेत्र के गणमान्य नागरिकों की सक्रिय भागीदारी रही।

Source: Dainik Bhaskar via DNI News (Prayagraj)

Puri Khabar Yahan Padhein…

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *