मथुरा की थाना जैत पुलिस और एंटी नारकोटिक्स टास्क यूनिट (एएनटीयू) टीम ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए 15 हजार रुपये के इनामी मादक पदार्थ तस्कर को गिरफ्तार किया है। आरोपी लंबे समय से एनडीपीएस एक्ट के एक मामले में फरार चल रहा था। पुलिस को सूचना मिली थी कि वांछित तस्कर क्षेत्र में सक्रिय है। इस सूचना के आधार पर पुलिस और एएनटीयू टीम ने घेराबंदी की। आरोपी को शाम करीब 7:40 बजे धौलीप्याऊ से रेलवे स्टेशन कैंट की ओर जाने वाले मार्ग से पकड़ा गया। गिरफ्तार आरोपी की पहचान जसवीर सिंह उर्फ जस्सा पुत्र जोगेन्द्र सिंह के रूप में हुई है, जो कुरुक्षेत्र (हरियाणा) के रोहटी गांव का निवासी है और वर्तमान में थानेसर सदर क्षेत्र में रह रहा था। पुलिस ने उसके कब्जे से 1,01,460 रुपये नकद बरामद किए हैं, जो मादक पदार्थों की बिक्री से अर्जित बताए जा रहे हैं। इसके अतिरिक्त, एक ओप्पो मोबाइल फोन, आधार कार्ड, पैन कार्ड और ड्राइविंग लाइसेंस भी जब्त किया गया है। पुलिस के अनुसार, जसवीर सिंह के खिलाफ मथुरा के थाना जैत में एनडीपीएस एक्ट के तहत पहले से ही एक मुकदमा दर्ज है। इसके अलावा, असम के जीआरपी थाना गुवाहाटी में भी उसके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट का मामला दर्ज है, जिससे उसके अंतरराज्यीय तस्करी नेटवर्क से जुड़े होने की आशंका जताई जा रही है। इस कार्रवाई में थाना जैत के प्रभारी निरीक्षक उमेश चंद्र त्रिपाठी और एएनटीयू आगरा के निरीक्षक हरवेन्द्र मिश्रा सहित पुलिस टीम के अन्य सदस्य शामिल रहे। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आवश्यक विधिक कार्रवाई पूरी कर उसे न्यायालय में पेश किया, जिसके बाद उसे जेल भेज दिया गया है।

Leave a Reply