बुलंदशहर में देर रात से जारी तेज हवाओं और मूसलाधार बारिश के कारण किसानों की फसलों को भारी नुकसान हुआ है। खुर्जा के विभिन्न ग्रामीण इलाकों में खेतों में पानी भर गया है, जिससे तैयार फसलें बर्बाद हो गई हैं। तेज हवाओं के चलते खड़ी फसलें जमीन पर बिछ गईं, जिससे उनके सड़ने का खतरा बढ़ गया है। खेतों में भारी जल-भराव की स्थिति के कारण फसलों की कटाई और उन्हें सुरक्षित रखना मुश्किल हो गया है। किसान नाजिम, निसार और सोनू ने बताया कि वे पहले से ही बाजार में फसलों के कम दाम मिलने से परेशान थे। अब इस बेमौसम बारिश ने उनकी उम्मीदें खत्म कर दी हैं। खेतों में पानी भरने से मौजूदा फसल तो नष्ट हुई ही है, अगली बुवाई में भी देरी होने की आशंका है। एक किसान ने अपनी पीड़ा व्यक्त करते हुए कहा, “मेहनत की कमाई आंखों के सामने बर्बाद हो रही है। कर्ज लेकर फसल उगाई थी, अब समझ नहीं आ रहा कि परिवार का गुजारा कैसे होगा और कर्ज कैसे चुकाएंगे।” क्षेत्र में रुक-रुक कर हो रही बारिश से किसानों की चिंताएं बढ़ गई हैं।

Leave a Reply