डीडीयू के छात्र को राष्ट्रपति ने किया सम्मानित:अंकुर ने इसका श्रेय परिवार और शिक्षकों को दिया, कुलपति बोलीं- गर्व की बात
दीनदयाल उपाध्याय गोरखपुर विश्वविद्यालय के एम.ए. पोलिटिकल साइंस के छात्र और एनएसएस स्वयंसेवक अंकुर कुमार मिश्रा को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने राष्ट्रीय सेवा योजना राष्ट्रीय पुरस्कार 2022-23 से सम्मानित किया है। विश्वविद्यालय के लिए यह गर्व का पल है। अंकुर कुशीनगर जिले के कसया क्षेत्र के धनहा गांव के निवासी हैं। उन्हें सामुदायिक सेवा, पर्यावरण संरक्षण, स्वच्छता अभियान, मतदाता जागरूकता और सामाजिक एकता जैसे कार्यों में उत्कृष्ट योगदान के लिए यह राष्ट्रीय सम्मान मिला है। विश्वविद्यालय की कुलपति प्रोफेसर पूनम टंडन ने अंकुर की इस उपलब्धि पर खुशी जताते हुए कहा कि यह दीनदयाल उपाध्याय गोरखपुर विश्वविद्यालय के लिए बेहद गर्व की बात है। अंकुर मिश्रा ने समाज सेवा और अनुशासन के माध्यम से एनएसएस की भावना को जीवंत किया है। उनकी यह सफलता हमारे सभी विद्यार्थियों के लिए प्रेरणास्रोत है। उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय के एनएसएस कार्यक्रमों के जरिए समाजसेवा की यह परंपरा और भी मजबूत होगी। इसके साथ ही विश्वविद्यालय परिवार ने अंकुर को बधाई दी है और उनके उज्ज्वल भविष्य तथा सामाजिक सेवा के निरंतर योगदान की कामना की है।
Curated by DNI Team | Source: https://ift.tt/XtDkNFo
Leave a Reply