महेंद्र सिंह टिकैत की 90वीं जयंती मनाई गई:सकलडीहा स्थित भाकियू कार्यालय में पदाधिकारियों ने दी श्रद्धांजलि

चंदौली के सकलडीहा स्थित भारतीय किसान यूनियन (भाकियू) कार्यालय में सोमवार को चौधरी महेंद्र सिंह टिकैत की 90वीं जयंती मनाई गई। इस अवसर पर भाकियू के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने उनके चित्र पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की। वाराणसी मंडल अध्यक्ष जितेंद्र प्रताप तिवारी ने टिकैत के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी। उन्होंने सभी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को बाबा टिकैत के बताए मार्ग पर चलने की नसीहत दी। तिवारी ने कहा कि बाबा टिकैत के हुक्के की गड़गड़ाहट से शासन-प्रशासन में खलबली मच जाती थी। जिलाध्यक्ष दयाशंकर सिंह उर्फ गोपाल सिंह के नेतृत्व में यह जयंती धूमधाम से मनाई गई। दयाशंकर सिंह ने कहा कि भारतीय किसान यूनियन के जन्मदाता चौधरी महेंद्र सिंह टिकैत ने किसानों, मजदूरों और गरीबों के हक के लिए हमेशा शासन-प्रशासन से संघर्ष किया और उन्हें उनका हक दिलाने का काम किया। महात्मा टिकैत का जन्म उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर जिले के सिसौली में हुआ था। उन्होंने 8 साल की उम्र में सिसौली खाप के 85 गांवों के अध्यक्ष का पद संभाला था। बड़े होने पर उन्होंने किसान, कारीगर, आदिवासी, छोटे दुकानदार और महिलाओं के हक तथा मान-सम्मान की लड़ाई लड़ते हुए अपना जीवन समर्पित कर दिया। इस कार्यक्रम में पूर्वांचल सचिव राधेश्याम शुक्ल, मंडल महासचिव विभूति नारायण तिवारी, मंडल कोषाध्यक्ष मनोज यादव, मंडल वरिष्ठ उपाध्यक्ष रामअवतार सिंह, मंडल कार्यकारिणी सदस्य अनिल सिंह, युवा जिलाध्यक्ष गाजीपुर मुकुंदनाथ पांडेय, ब्लॉक अध्यक्ष चहनिया रामनरेश राजभर सहित चंद्रबली सिंह, देवराज शर्मा, रामजी यादव, सुरेंद्र यादव, अभय यादव उर्फ रिंकू, रामाश्रय प्रजापति, हरिचंद्र यादव, विजेंद्र तिवारी और लालजी यादव सहित कई अन्य पदाधिकारी व कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Curated by DNI Team | Source: https://ift.tt/1qRzkyV