बुलंदशहर की खुर्जा कोतवाली नगर क्षेत्र स्थित प्रसिद्ध नवदुर्गा शक्ति मंदिर (खुर्जा वाली मैया) के सामने एक सार्वजनिक शौचालय में ‘पीके जूस कॉर्नर’ का संचालन किया जा रहा था। इस मामले ने तब और गंभीर रूप ले लिया जब दुकान के बोर्ड पर भगवान भोलेनाथ की तस्वीर भी लगाई गई थी। यह घटना नवरात्र के पावन अवसर पर सामने आई है, जब हजारों की संख्या में श्रद्धालु मां के दर्शन करने पहुँच रहे हैं। एक ओर भक्त भक्ति भाव में लीन हैं, वहीं दूसरी ओर शौचालय जैसी जगह पर खाद्य पदार्थ बेचे जाने और वहाँ आराध्य देव की तस्वीर लगाए जाने से लोगों की भावनाएं आहत हुई हैं। स्थानीय निवासी घनेन्द्र चौहान, पवन सारन और चंद्रशेन ने इस पर कड़ा विरोध जताते हुए इसे देवी-देवताओं का घोर अपमान बताया और कहा कि इसे बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। शौचालय परिसर में खाने-पीने की दुकान खुलना न केवल स्वच्छता मानकों का उल्लंघन है, बल्कि धार्मिक मर्यादाओं के भी विपरीत है। घटना की जानकारी मिलते ही हिंदू संगठनों ने जूस कॉर्नर संचालक और मेला प्रबंधन के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया। संगठनों ने प्रशासन से मांग की है कि दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की जाए। नवदुर्गा शक्ति मंदिर चौकी प्रभारी विपिन कुमार ने बताया कि आरोपी की तलाश की जा रही है। मामले की जांच कर उचित कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply