ललितपुर जिले में बारिश और ओलावृष्टि से फसलों को हुए नुकसान के आकलन के लिए जिलाधिकारी सत्य प्रकाश ने टीमें गठित की हैं। उन्होंने सभी उप जिलाधिकारियों और तहसीलदारों को लेखपालों के माध्यम से तत्काल सर्वे कराकर रिपोर्ट उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं। जिले में 20 मार्च, शुक्रवार को कई स्थानों पर भारी बारिश और कुछ जगहों पर ओलावृष्टि हुई थी। इससे किसानों की रबी की फसलों को व्यापक क्षति पहुंची है। जिलाधिकारी के निर्देश पर अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) अंकुर श्रीवास्तव ने सभी उप जिलाधिकारियों और तहसीलदारों को अपने-अपने क्षेत्र के राजस्व लेखपालों से क्षति का आकलन करवाकर तत्काल रिपोर्ट जिलाधिकारी कार्यालय भेजने को कहा है। इस कार्य में किसी भी प्रकार की देरी न करने के सख्त निर्देश दिए गए हैं। किसानों से अपील की गई है कि वे अपनी क्षतिग्रस्त फसलों की शिकायत भारत सरकार के टोल फ्री नंबर 14447 या ‘क्रॉप इंश्योरेंस ऐप’ पर दर्ज कराएं। इससे नियमानुसार सर्वे कराकर क्षतिपूर्ति प्राप्त की जा सकेगी। कृषि विभाग, राजस्व विभाग और फसल बीमा कंपनी की एक संयुक्त टीम भी सर्वे करेगी। आकलन रिपोर्ट के आधार पर बीमित किसानों को फसल बीमा कंपनी द्वारा क्षतिपूर्ति का भुगतान किया जाएगा।

Leave a Reply