उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग ने विभिन्न विभागों में 929 पदों पर सहायक सांख्यिकी अधिकारी और सहायक शोध अधिकारी (सांख्यिकी) की भर्ती का विज्ञापन जारी किया है। भर्ती के लिए 21 अप्रैल से 11 मई तक ऑनलाइन आवेदन जमा किए जाएंगे। आवेदन शुल्क समायोजन और आवेदन में संशोधन 18 मई तक किया जा सकेगा। उधर, आयोग ने बीते 10-11 साल से लंबित भर्ती परीक्षा का अंतिम परिणाम भी जारी किया है। आयोग के सचिव अवनीश सक्सेना ने बताया- अर्थ एवं संख्या प्रभाग, राज्य कर आयुक्त कार्यालय, कार्यालय प्रधान मुख्य वन संरक्षक, प्रशिक्षण एवं सेवायोजन विभाग, राज्य नियोजन संस्थान, कार्यालय आयुक्त एवं निबंधक सहकारिता विभाग, अनुसूचित जाति एवं जनजाति शोध एवं प्रशिक्षण संस्थान, पशुपालन विभाग, गन्ना एवं चीनी उद्योग विभाग, चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग, सिंचाई एवं जल संसाधन विभाग और वित्तीय योजना एवं संसाधन विभाग में सहायक सांख्यिकी अधिकारी और सहायक शोध अधिकारी (सांख्यिकी) के पदों पर भर्ती के लिए विज्ञापन जारी किया है। 929 पदों में से अनारक्षित वर्ग के लिए 344, अनुसूचित जाति वर्ग के लिए 211, अनुसूचित जनजाति के लिए 12, ओबीसी के लिए 300 और आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के लिए 62 पद आरक्षित है।
दस साल बाद जारी हुआ चयन परिणाम
उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग ने विकलांगजन विभाग में नर्स कंपाउंडर और हॉस्टल वार्डेन के सात पदों पर भर्ती का चयन परिणाम आखिरकार जारी कर दिया है। आयोग की ओर से 2016 में सात पदों के लिए भर्ती निकाली गई थी। लेकिन विभिन्न कारणों से भर्ती परीक्षा समय पर नहीं हो सकी। आयोग ने शुक्रवार को भर्ती का अंतिम चयन परिणाम जारी किया है। अनारक्षित वर्ग के 5, अनुसूचित जाति वर्ग के एक और ओबीसी वर्ग के एक अभ्यर्थी का चयन हुआ है। अनारक्षित वर्ग की कटऑफ 48. 75 अंक, एससी वर्ग की 39.50 अंक और ओबीसी की कटऑफ 48.25 अंक रही है।
सेवायोजन विभाग को 11 साल बाद मिलेंगे स्टेनोग्राफर
उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग ने शुक्रवार को प्रशिक्षण एवं सेवायोजन विभाग में अनुदेशक, स्टेनोग्राफर के 8 पदों पर भर्ती का परिणाम जारी किया है। आयोग की ओर से इन पदों पर भर्ती के लिए 2015 में विज्ञापन जारी किया गया था। लेकिन समय पर परीक्षा और साक्षात्कार नहीं होने सहित अन्य कारणों से परिणाम जारी करने में 11 साल का समय लग गया। 11 साल बाद भी आयोग को आठ में से केवल चार पदों पर पात्र अभ्यर्थी मिले हैं। अनारक्षित वर्ग के 2, एससी वर्ग के एक और ओबीसी वर्ग के एक अभ्यर्थी का चयन हुआ है। 10 साल बाद मिलेगा एथलेटिक्स कोच यूपी में एथलेटिक्स की तैयारी करने वाले युवाओं को 10 साल इंतजार के बाद कोच मिलने जा रहा है। उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग ने खेल निदेशालय में सहायक प्रशिक्षक एथलेटिक्स के एक पद पर भर्ती का परिणाम जारी किया है। भर्ती के लिए 2016 में विज्ञापन जारी किया गया था।

Leave a Reply