कानपुर के बिधनू क्षेत्र के एक गांव में 11 साल की बच्ची के साथ हुई घटना के बाद अखिल भारतीय जनवादी महिला समिति के सदस्यों ने पीड़ित परिवार से मुलाकात की। समिति ने घटना की कड़ी निंदा करते हुए परिवार को आर्थिक सहायता और सुरक्षा उपलब्ध कराने की मांग उठाई है।
समिति की अध्यक्ष सुधा सिंह ने बताया कि पीड़ित परिवार बेहद गरीब है और मजदूरी कर अपना जीवन यापन करता है। परिवार में चार अन्य बेटियां भी हैं, जिससे उनकी आर्थिक स्थिति और कमजोर हो जाती है। उन्होंने कहा कि परिजनों ने मुलाकात के दौरान बच्ची के साथ हुई यातनाओं की जानकारी दी, जिससे पूरा परिवार सहमा हुआ है।
समिति की सदस्य ने कहा कि पीड़ित परिवार को आर्थिक मदद की भी जरूरत है । ऐसे में जिला प्रशासन को आगे आकर परिवार को आर्थिक मदद देने के साथ न्याय दिलाने में सहयोग करना चाहिए। साथ ही परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित की जानी चाहिए। आरोपियों की गिरफ्तारी तो हो चुकी है, लेकिन पीड़ित परिवार गरीब है, इसलिए न्याय दिलाने में भी मदद की जानी चाहिए।
समिति के सदस्यों ने बताया कि वे इस मामले को लेकर जिलाधिकारी से मुलाकात करेंगे और पीड़ित परिवार के लिए ठोस मदद की मांग रखेंगे। इसके अलावा गांव में जिन घरों में शौचालय नहीं हैं, वहां शौचालय निर्माण कराने की भी मांग की जाएगी, ताकि बुनियादी सुविधाएं बेहतर हो सकें।

Leave a Reply