बाराबंकी में सिलेंडर न होने पर चूल्हे पर खाना बनाने को लेकर पत्नी का पति से विवाद हो गया। इसके बाद गुस्से में महिला अपने 5 महीने के बच्चे के साथ लापता हो गई। पति ने पुलिस में शिकायत कर पत्नी और बच्चे को तलाश करने की गुहार लगाई है। पुलिस को दी गई जानकारी के अनुसार, अनिल कुमार अपनी नाइट ड्यूटी पूरी कर घर लौटे। उन्होंने अपनी पत्नी सुमन देवी (29) से खाना न बनने का कारण पूछा। सुमन ने लकड़ी के चूल्हे पर खाना बनाने से इनकार कर दिया। भरा हुआ गैस सिलेंडर लाने की मांग की। अनिल ने गैस की मौजूदा किल्लत और एजेंसियों पर भीड़ का हवाला दिया। इसके बाद पति-पत्नी के बीच विवाद बढ़ गया। अनिल के अनुसार, जब वह सो गए, तब सुमन अपने कपड़े, एक हजार रुपये और अपने 5 माह के बेटे को लेकर घर से चली गई। पीड़ित पति ने घुंघटेर थाने में तहरीर दी है। पुलिस ने गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कर ली है और जांच अधिकारी अख्तर सईद उस्मानी को मामले की जिम्मेदारी सौंपी है। पुलिस अब लापता महिला और उसके मासूम बच्चे की तलाश कर रही है।

Leave a Reply