विवाहिता का ससुराल में मिला शव:कासगंज में दामाद पर सास से अवैध संबंध का आरोप, रास्ते से हटाने के लिए की हत्या

कासगंज में एक महिला का शव घर ससुराल के बरामदे में पड़ा मिला। मायके वाले जब पहुंचे तो पति समेत ससुराल पक्ष के लोग फरार हो चुके थे। आरोप है कि महिला की मां और पति का अफेयर चल रहा था। पत्नी को रास्ते से हटाने के लिए उसकी हत्या की गई है। मामला सिढ़पुरा क्षेत्र के नगला पारसी का है। लड़की की मां और उसके पति के कुछ आपत्तिजनक फोटो भी सामने आए हैं। घटना के बाद पति फरार है, जबकि मां अपने घर पर है। पुलिस ने शव का पोस्टमॉर्टम कराकर जांच शुरू कर दी है। अब विस्तार से पूरा मामला पढ़िए… मरने वाली महिला शिवानी (24) कासगंज के गंजडुंडवारा क्षेत्र के पालिया गांव की रहने वाली थी। पिता नारायण सिंह ने बताया कि 2018 में शिवानी की शादी नगला पारसी के रहने वाले प्रमोद से की थी। प्रमोद दिल्ली में प्राइवेट नौकरी करता है। पिता ने बताया कि मेरे दो बेटियां और दो बेटे थे। दोनों बेटियों की शादी कर दी थी। बेटे खेती-किसानी में मेरा हाथ बंटाते हैं। छोटी बेटी शिवानी की शादी धूमधाम से की थी। करीब 6 महीने बाद ही पत्नी प्रेमवती के मेरे दामाद के साथ अवैध संबंध हो गए। बेटी की जगह सास से मिलने लगा
शुरुआत में किसी को इस बात की जानकारी नहीं थी। लेकिन जब घर पर दामाद का आना-जाना ज्यादा बढ़ा और उसने बेटी के साथ मारपीट शुरू की तो हम लोगों को शक हुआ। इसके बाद कई बार हम लोगों ने इन दोनों को आपस में बात करते और मिलते पकड़ा। लड़के के घर वालों को भी मामले की जानकारी थी। मैंने जब इस बात का विरोध किया, तो दोनों ने मिलकर मेरे साथ बहुत मारपीट की थी। बेटी किसी तरह से ससुराल में जिंदगी गुजार रही थी। शिवानी की दो बेटियां हैं, जिनमें एक ढाई साल की और दूसरी छह माह की है। बेटी मां और पति को समझाती रही
बेटी अपने सास-ससुर, देवर और दो बच्चों के साथ गांव में रहती थी। प्रमोद दिल्ली में रहता था और जब वह गांव आता था तो पहले सास से मिलने जाता था, इसके बाद अपने घर जाता था। शिवानी ने कई बार मां को तो कभी पति को समझाया, लेकिन दोनों ही कुछ सुनने को तैयार नहीं थे। मेरे दामाद ने ही बेटी को रास्ते से हटाने के लिए उसकी हत्या की है और फिर मौके से फरार हो गया। कल रात हमें जानकारी दी गई कि शिवानी ने फांसी लगाकर जान दे दी है। हम लोग जब यहां आए तो उसका शव बरामदे में चारपाई पर पड़ा था। ससुराल पक्ष की तरफ से कोई भी मौजूद नहीं था। ससुराल वालों को भी इनके बेटे की हरकतों की जानकारी थी। परिजनों ने पति प्रमोद, देवर और सास-ससुर के खिलाफ कोतवाली में तहरीर दी है। भाई और चाचा बोले- मानसिक तनाव में थी बेटी
फुफेरे भाई मनोज ने आरोप लगाया कि सास प्रेमवती और दामाद प्रमोद के बीच अवैध संबंध थे। इसी कारण से शिवानी लंबे समय से मानसिक तनाव में थी। मनोज के अनुसार, जब मृतका के पिता नारायण सिंह ने इन संबंधों का विरोध किया, तो प्रमोद और प्रेमवती ने उनसे मारपीट भी की थी। शिवानी के चाचा नेमसिंह का आरोप है कि शिवानी के पति प्रमोद का मेरी भाभी से अवैध संबंध था। इसके चलते प्रमोद आए दिन शिवानी के साथ मारपीट करता था। बीती देर शाम प्रमोद ने शिवानी की हत्या कर दी। घर पर शव घर छोड़कर फरार हो गया। पोस्टमॉर्टम हाउस पर भिड़े परिजन
वहीं, आज पोस्टमॉर्टम हाउस पर ससुराल पक्ष की तरफ से कुछ लोग पहुंचे। उन लोगों का कहना था कि सभी को इनके संबंधों की जानकारी थी। लड़की ने सुसाइड किया है। सास-दामाद को सजा होनी चाहिए, इसमें बाकी लोगों को क्यूं फंसाया जा रहा है। इसी बात को लेकर दोनों पक्षों में काफी देर बहस हुई। इसके बाद पुलिस ने मामला शांत कराया। सिढ़पुरा थाने के प्रभारी पवन कुमार ने बताया कि उन्हें रविवार रात साढ़े 8 बजे घटना की सूचना ग्रामीणों ने दी थी। मौके पर जाकर देखा तो विवाहिता का शव चारपाई पर था। शव कब्जे में लेकर पीएम के लिए भेजा गया है। पीएम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत का सही कारण पता चलेगा। ससुराल के लोग फरार हैं, जिनकी तलाश की जा रही है।

Curated by DNI Team | Source: https://ift.tt/Tmf9sXV