DniNews.Live

मेरठ में मामूली टक्कर के बाद युवक की पीट-पीटकर हत्या:बहन से मिलकर लौटते समय हुआ विवाद, इलाज के दौरान मौत

मेरठ में एक मामूली बाइक टक्कर के बाद हुए विवाद में एक व्यक्ति की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। दौराला थाना क्षेत्र के शिवाया गांव निवासी 40 वर्षीय विजेंद्र पुत्र कालीचरन की इलाज के दौरान मौत हो गई। यह घटना 4 अप्रैल को हुई थी, जब विजेंद्र अपनी बहन से मिलकर लौट रहा था। विजेंद्र सरधना क्षेत्र के अलीपुर गांव में अपनी बहन से मिलने गया था। वापसी के दौरान उसकी बाइक की हल्की टक्कर अलीपुर निवासी शिवम पुत्र कल्लू की बाइक से हो गई। इस मामूली टक्कर के बाद दोनों के बीच कहासुनी शुरू हुई, जो जल्द ही एक बड़े विवाद में बदल गई। आरोप है कि शिवम ने अपने कुछ साथियों को मौके पर बुला लिया। इसके बाद सभी ने मिलकर विजेंद्र पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया। इस बेरहमी से की गई पिटाई में विजेंद्र गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर गया। यह पूरी घटना पास लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई थी। सूचना मिलने पर परिजन मौके पर पहुंचे और विजेंद्र को तुरंत पारस हॉस्पिटल में भर्ती कराया। हालत बिगड़ने पर उसे दिल्ली रेफर किया गया, लेकिन वहां इलाज संभव नहीं हो सका। इसके बाद परिजन उसे मेरठ मेडिकल कॉलेज ले आए, जहां कई दिनों तक जिंदगी और मौत से जूझने के बाद विजेंद्र ने शुक्रवार को दम तोड़ दिया। विजेंद्र की मौत की खबर गांव पहुंचते ही परिवार में मातम छा गया। उसकी पत्नी सुजाता, माता-पिता और बहन का रो-रोकर बुरा हाल है। परिजनों ने आरोप लगाया है कि पुलिस ने अभी तक किसी भी आरोपी को गिरफ्तार नहीं किया है, जिससे उनमें गुस्सा बढ़ता जा रहा है। इस संबंध में सरधना थाना पुलिस का कहना है कि घटना के तुरंत बाद ही मुकदमा दर्ज कर लिया गया था। पुलिस ने परिजनों को 24 घंटे के भीतर आरोपियों की गिरफ्तारी का आश्वासन दिया है।

Source: Dainik Bhaskar via DNI News (Prayagraj)

Puri Khabar Yahan Padhein…

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *