DniNews.Live

मुरादाबाद में नगर आयुक्त ने किया निरीक्षण:ईद से पहले व्यवस्थाओं का लिया जायजा, साफ सफाई के दिए निर्देश

शुक्रवार को अचानक हुई तेज बारिश के बावजूद नगर आयुक्त दिव्यांशु पटेल ने ईद और नवरात्र जैसे प्रमुख त्योहारों की तैयारियों का जायजा लिया। उन्होंने शहर के प्रमुख धार्मिक स्थलों और सड़कों पर उतरकर व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया और अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। बारिश के कारण संभावित जलभराव और त्योहारों में भीड़ की आशंका को देखते हुए नगर आयुक्त ने औचक निरीक्षण का निर्णय लिया। वे निगम की टीम के साथ सबसे पहले ईदगाह पहुंचे, जहां उन्होंने नमाजियों के लिए साफ-सफाई और जलनिकासी की व्यवस्था का जायजा लिया। इसके बाद उन्होंने जामा मस्जिद का भी दौरा किया। निरीक्षण के दौरान, नगर आयुक्त ने अधिकारियों को ईद के मौके पर नमाजियों को किसी भी प्रकार की असुविधा न होने देने के लिए विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए। साथ ही, नवरात्र के चलते मंदिरों में बढ़ती भीड़ को ध्यान में रखते हुए उन्होंने काली मंदिर में भी व्यवस्थाओं की समीक्षा की। नगर आयुक्त ने बारिश के बीच सड़कों पर उतरकर जलभराव की स्थिति और ड्रेनेज सिस्टम की कार्यप्रणाली का भी निरीक्षण किया। उन्होंने संबंधित विभागों को सख्त निर्देश दिए कि किसी भी स्थिति में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और त्योहारों के दौरान शहरवासियों को कोई परेशानी नहीं होनी चाहिए। बारिश में भीगते हुए नगर आयुक्त को निरीक्षण करते देख स्थानीय लोगों ने उनकी कार्यशैली की सराहना की। उनका कहना था कि इस तरह सक्रिय रहकर काम करना प्रशासन की जिम्मेदारी को दर्शाता है।

Source: Dainik Bhaskar via DNI News (Prayagraj)

Puri Khabar Yahan Padhein…

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *