अम्बेडकर नगर की टांडा विधानसभा सीट से विधायक राममूर्ति वर्मा ने अपने चार साल के कार्यकाल, विकास कार्यों और कानून व्यवस्था को लेकर दावा किया कि मैंने सभी वर्गों के लिए काम किया, खासतौर पर बाढ़ और बिजली जैसी प्रमुख समस्याओं के समाधान पर ध्यान दिया। दैनिक भास्कर से बातचीत में उन्होंने बेबाकी से सवालों के जवाब दिए। पढ़िए पूरा इंटरव्यू… सवाल: पिछले चार साल के कामकाज को आप 10 में से कितने नंबर देंगे?
जवाब: हमने सभी वर्गों और धर्मों के लिए काम किया है। एक जनप्रतिनिधि के रूप में हमने यह ध्यान रखा कि किसी गरीब, दलित, पिछड़े या किसी भी वर्ग को हमारे व्यवहार से ठेस न पहुंचे। हमने अपनी क्षमता से ज्यादा काम करने की कोशिश की है। सवाल: टांडा में आपने सबसे बड़ा काम कौन सा किया?
जवाब: टांडा की सबसे बड़ी समस्या नदी का कटान था, जिससे हजारों एकड़ फसल बर्बाद हो जाती थी और किसानों को भारी नुकसान होता था। हमने जगह-जगह ठोकर बनवाकर इस समस्या को काफी हद तक नियंत्रित किया।
दूसरी बड़ी समस्या बिजली की थी। लो-वोल्टेज की समस्या दूर करने के लिए ट्रांसफार्मरों की क्षमता बढ़ाई, जहां बिजली नहीं थी वहां नई लाइन डलवाई और किसानों के लिए अलग ट्रांसफार्मर लगवाए। इन कामों पर करीब 9 करोड़ रुपए खर्च हुए। सवाल: आगे कौन से काम करना चाहते हैं?
जवाब: विधायक निधि सीमित होती है, लेकिन उसके तहत भी हमने कई काम किए हैं। महादेवा घाट के सौंदर्यीकरण के लिए 1.67 करोड़ रुपए स्वीकृत कराए, हनुमानगढ़ी के लिए 1.55 करोड़ रुपए स्वीकृत हुए। बाबा साहब की बाजार के सौंदर्यीकरण के लिए एनटीपीसी से 70 लाख रुपए का प्रोजेक्ट कराया। इसके अलावा हर साल मिलने वाली निधि से जरूरतमंद लोगों का इलाज भी कराया गया। आगे भी क्षेत्र के विकास के लिए काम जारी रहेगा। सवाल: कानून व्यवस्था को लेकर आप क्या कहेंगे?
जवाब: कानून व्यवस्था की स्थिति प्रदेश और जिले दोनों में खराब है। टांडा में पिछले चार साल में 250 से ज्यादा चोरी की घटनाएं हुईं, लेकिन कई मामलों में मुकदमा तक दर्ज नहीं हुआ। महिलाओं के साथ दुर्व्यवहार की घटनाएं बढ़ी हैं। लोग पुलिस के पास जाने से कतराते हैं क्योंकि उनके साथ भी दुर्व्यवहार होता है। आए दिन हत्या की घटनाएं हो रही हैं और लावारिस शव मिलते रहते हैं। अगर किसी के पास पैसे नहीं हैं तो उसका मुकदमा भी दर्ज नहीं होता।

Leave a Reply