DniNews.Live

पीएसी ने मनाया विश्व गौरैया दिवस:’एक पेड़-एक बच्चा’ पहल, स्मार्ट ट्री व आधुनिक स्कूल सुविधाएं लॉन्च

कानपुर नगर की 37वीं वाहिनी पीएसी स्थित पुलिस मॉडर्न स्कूल (पीएमएस) में विश्व गौरैया दिवस के अवसर पर प्रकृति और पक्षी संरक्षण को समर्पित एक कार्यक्रम आयोजित किया गया। सेनानायक बी.बी. चौरसिया (आईपीएस) के निर्देशन में हुए इस आयोजन में ‘गौ-गौरैया संरक्षण समिति’ के प्रदेश अध्यक्ष व राष्ट्रीय संयोजक मनीष पांडेय मुख्य अतिथि और सिद्धार्थ द्विवेदी विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल हुए। कार्यक्रम की शुरुआत स्कूल प्रधानाचार्य द्वारा अतिथियों को ‘ट्री-पॉट’ भेंट कर की गई। इस दौरान बच्चों द्वारा तैयार किए गए आकर्षक घोंसलों की प्रदर्शनी ने सभी का ध्यान आकर्षित किया। मुख्य अतिथि मनीष पांडेय ने बच्चों की रचनात्मकता की सराहना करते हुए गौरैया संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए स्कूल को पांच विशेष कृत्रिम घोंसले भेंट किए। कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण ‘स्मार्ट ट्री’ पहल रही, जिसके तहत वाहिनी परिसर के पेड़ों पर क्यूआर कोड लगाए गए हैं। इन्हें स्कैन करने पर पेड़ की पूरी जानकारी और उसे गोद लेने वाले छात्र ‘वृक्ष मित्र’ की पहचान सामने आती है। यह छात्र रोजाना पेड़ों पर रखे सकोरों में गौरैया के लिए दाना-पानी की व्यवस्था सुनिश्चित करेगा। ‘एक पेड़-एक बच्चा’ अभियान की भी उपस्थित लोगों ने सराहना की। इस अवसर पर स्कूल के ‘नो-प्रॉफिट’ मॉडल पर भी चर्चा हुई, जिसमें बिना एडमिशन फीस और मात्र 400 से 900 रुपये मासिक शुल्क में बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा दी जा रही है। स्कूल में स्मार्ट कंप्यूटर लैब, इनोवेशन लैब, साइंस लैब, क्रेच, संगीत कक्ष, जिम और खेल सुविधाएं उपलब्ध हैं। जीटी रोड शिव कटरा मोड़ पर आयोजित ‘गौरैया जन्मोत्सव’ कार्यक्रम में सेनानायक बी.बी. चौरसिया ने कहा कि हमें जीव-जंतुओं के प्रति संवेदनशील बनना चाहिए और उनके जीवन में बाधक नहीं, बल्कि सहायक बनना चाहिए। अंत में सभी अधिकारियों, कर्मचारियों, शिक्षकों और बच्चों ने “गौरैया बचाओ, पर्यावरण बचाओ” का सामूहिक संकल्प लिया।

Source: Dainik Bhaskar via DNI News (Prayagraj)

Puri Khabar Yahan Padhein…

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *