कानपुर में कांग्रेस ने सरकार के 9 साल बेहाल के नारे लगाकर प्रदर्शन किया। महानगर अध्यक्ष पवन गुप्ता के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने चौक से कोतवाली तक पदयात्रा निकाली। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने हाथों में ताले लेकर सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया और ‘9 साल प्रदेश बेहाल, कानपुर बदहाल’ के नारे लगाए।
कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि पिछले 9 वर्षों में प्रदेश की स्थिति में अपेक्षित सुधार नहीं हुआ है। पवन गुप्ता ने कहा कि विकास के दावे केवल कागजों तक सीमित हैं, जबकि जमीनी हकीकत कुछ और ही है। कांग्रेस ने आरोप लगाया कि महंगाई, बेरोजगारी और कानून-व्यवस्था जैसे मुद्दों पर सरकार पूरी तरह विफल रही है।
उन्होंने यह भी कहा कि कानपुर शहर की हालत बेहद खराब हो चुकी है। सड़कों पर गड्ढे, जगह-जगह गंदगी, जलभराव और खराब सफाई व्यवस्था से आम जनता परेशान है। त्योहारों के दौरान भी मूलभूत सुविधाओं की कमी साफ नजर आती है, जिससे लोगों में आक्रोश है।
कांग्रेस ने यह भी आरोप लगाया कि युवाओं को रोजगार नहीं मिल रहा, व्यापारी आर्थिक दबाव में हैं और किसान अपनी समस्याओं से जूझ रहे हैं। शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं की स्थिति भी चिंताजनक बनी हुई है।
प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने सरकार से जनता से किए गए वादों का जवाब देने और प्रदेश के विकास के लिए ठोस कदम उठाने की मांग की। इस मौके पर पार्टी के कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Leave a Reply