आजमगढ़ जिले के शहर कोतवाली क्षेत्र के सलमानी हॉस्पिटल में मारपीट के मामले में आरोपी गुफरान अहमद को गिरफ्तार कर लिया गया है। आरोपी के कब्जे से अवैध पिस्तौल और दो कारतूस भी बरामद किया गया है। इस मामले में पीड़ित की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कराया गया था जिसके बाद से पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी हुई थी।
एक दिन पूर्व हुई थी घटना
आजमगढ़ जिले के शहर कोतवाली के आराजीबाग स्थित सलमानी हॉस्पिटल में मरीज देखने पहुंचे आजमगढ़ के गोपालपुर से सपा विधायक नफीस अहमद के समर्थक पर आईसीयू के कर्मचारी सूरज मौर्य के साथ मारपीट किए जाने के मामले में शहर कोतवाली में मुकदमा दर्ज किया गया था। मारपीट की पूरी घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है। शहर कोतवाली पुलिस को दिए शिकायती पत्र में पीड़ित सूरज मौर्य ने आरोप लगाया कि मैं अस्पताल में नर्सिंग का काम करता हूं। 19 मार्च को सलमानी हॉस्पिटल में आईसीयू वार्ड के बेड नंबर 6 पर मरीज रामनेत यादव की देखरेख कर रहा था। इस दौरान विधायक नफीस अहमद मरीज को देखने आए उनसे बात करने लगे। कुछ समय बाद हमने कहा कि आप बात कर चुके हैं और बाहर जाइए। इस बात से सपा विधायक नाराज हो गए और उनके साथ मौजूद एक व्यक्ति जिसका नाम गुफरान था। उसने मुझे कहा कि तुम कौन होते हो बाहर करने वाले इतना कहते हुए अपने कमर में लगी हुई पिस्तौल निकाल कर मेरी कनपटी पर लगा दिया और जान से मारने की धमकी दिया। आरोपी ने जान से मारने की नीयत से मेरा गला भी दबा दिया इसके बाद पिटाई भी की। जब लोग इकट्ठा होने लगे तो गाली गलौज और जांच से मारने की धमकी देते हुए आरोपी मौके से फरार हो गया। इस मामले में पीड़ित की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। इसी क्रम में आरोपी को गिरफ्तार किया गया है। आरोपी को न्यायालय भेजा जा रहा है। जहां से जेल रवाना किया जाएगा।

Leave a Reply