चित्रकूट में इस वर्ष रामनवमी का पर्व ‘चित्रकूट गौरव दिवस’ के रूप में मनाया जाएगा। 27 मार्च को होने वाले इस आयोजन में पूरी धर्मनगरी 22 लाख दीपों से जगमग होगी। इस भव्य कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर शुक्रवार को कर्वी स्थित कलेक्ट्रेट सभागार में एक संयुक्त बैठक आयोजित की गई। इसमें अधिकारियों, संत-महात्माओं, सामाजिक कार्यकर्ताओं और गणमान्य नागरिकों ने भाग लिया और आयोजन की रूपरेखा पर विस्तार से चर्चा की। बैठक की अध्यक्षता दीनदयाल शोध संस्थान के राष्ट्रीय संगठन सचिव अभय महाजन, चित्रकूट के जिलाधिकारी पुलकित गर्ग और सतना के कलेक्टर डॉ. सतीश कुमार एस ने संयुक्त रूप से की। इसमें निर्णय लिया गया कि चित्रकूट धाम के उत्तर प्रदेश और मध्य प्रदेश, दोनों क्षेत्रों में 11-11 लाख दीप प्रज्ज्वलित किए जाएंगे। जनभागीदारी सुनिश्चित करने के लिए नगर क्षेत्र के प्रत्येक घर में कम से कम पांच दीप जलाने का आह्वान किया गया है।
शाम को मां मंदाकिनी नदी के रामघाट, भरतघाट और श्री कामदगिरि परिक्रमा मार्ग पर भव्य दीपदान किया जाएगा। प्रमुख स्थलों पर रंगोली सजाई जाएगी और विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन होगा। स्थानीय तथा लोक कलाकारों द्वारा विविध प्रस्तुतियां दी जाएंगी, जिनमें बुंदेलखंड का पारंपरिक दीवारी नृत्य विशेष आकर्षण का केंद्र रहेगा। रामनवमी की रात को और भी भव्य बनाने के लिए आकर्षक आतिशबाजी की भी व्यवस्था की गई है। जिलाधिकारी पुलकित गर्ग ने बताया कि ‘चित्रकूट गौरव दिवस’ जन-आस्था और सांस्कृतिक पहचान का प्रतीक बन गया है। उन्होंने सभी विभागों, सामाजिक संस्थाओं और मीडिया से इस आयोजन को सफल बनाने के लिए समन्वय स्थापित करने की अपील की। पुलिस अधीक्षक अरुण कुमार ने कार्यक्रम के दौरान सुरक्षा और यातायात व्यवस्था के पुख्ता इंतजाम का आश्वासन दिया। अभय महाजन ने आम जनता से अपने घरों, प्रतिष्ठानों, देवालयों और घाटों पर दीप प्रज्ज्वलित कर श्रीराम जन्मोत्सव की खुशियों में शामिल होने की अपील की। इस बैठक में मठ-मंदिरों, अखाड़ों, आश्रमों, व्यापार मंडल, होटल-लॉज संचालकों, शिक्षण संस्थानों और विभिन्न विभागों के प्रतिनिधियों ने भी अपनी उपस्थिति दर्ज कराई।

Leave a Reply