हिमाचल की ऊंची चोटियों पर हो रही बर्फबारी:मनाली का तापमान 8 डिग्री तक लुढ़का, आज 8 जिलों में भारी बारिश-तूफान का ऑरेंज अलर्ट
हिमाचल प्रदेश के अधिक ऊंचाई वाले इलाकों में ताजा हिमपात हो रहा है। लाहौल स्पीति और कुल्लू के बाद अब चंबा के मणिमहेश, कुगती व होली में भी स्नोफॉल हो रहा है। वहीं प्रदेश के मध्यम ऊंचाई और निचले इलाकों में बारिश हो रही है। मौसम बदलने के बाद तापमान में भारी गिरावट दर्ज की गई है। पहाड़ों पर इससे ठंड लौट आई है। कई शहरों का तापमान बीते 24 घंटे में 8 डिग्री तक कम हुआ है। प्रदेश का औसत अधिकतम तापमान भी सामान्य से 2.9 डिग्री कम हो गया है। आज 8 जिलों में भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट मौसम विज्ञान केंद्र शिमला ने आज भी 8 जिलों में भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी कर रखा है। यह चेतावनी चंबा, हमीरपुर, कांगड़ा, किन्नौर, कुल्लू, लाहौल स्पीति, मंडी और ऊना जिला को दी गई है। मौसम विभाग ने 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से तेज तूफान चलने का भी अलर्ट जारी किया है। किन्नौर, कुल्लू, लाहौल स्पीति, चंबा और कांगड़ा जिला के अधिक ऊंचे क्षेत्रों में हल्का हिमपात भी हो सकता है। कई जगह ओलावृष्टि की भी संभावना है। 24 घंटे के दौरान कई भागों में बर्फबारी बीते 24 घंटे के दौरान भी कुल्लू, कांगड़ा और लाहौल स्पीति के कई भागों में हल्का हिमपात रिकॉर्ड किया गया है। रोहतांग दर्रा, बारालाचा और धौलाधार की पहाड़ियों पर सीजन की पहली बर्फबारी हुई। इससे मनाली से रोहतांग दर्रा होते हुए वाहनों की आवाजाही रोक दी गई है। मनाली का तापमान 7.8 डिग्री गिरा मौसम बदलने के बाद पहाड़ों पर ठंड लौट आई है। मनाली का अधिकतम तापमान नॉर्मल से 7.8 डिग्री कम होने के बाद 15.6 डिग्री रह गया है। कुल्लू के भुंतर का तापमान भी सामान्य से 7.5 डिग्री कम होने के बाद 22 डिग्री, मंडी का 5 डिग्री कम होने के बाद 24.8 डिग्री और सुंदरनगर का अधिकतम तापमान सामान्य से 4.6 डिग्री कम होने के बाद 25.5 डिग्री सेल्सियस रह गया है। कल भी 8 जिलों में बारिश-बर्फबारी का यलो अलर्ट मौसम विभाग के अनुसार, अगले कल भी प्रदेश के अधिकांश भागों में बारिश का पूर्वानुमान है। मौसम विभाग ने कल भी ऊना, बिलासपुर, हमीरपुर, मंडी, कुल्लू, चंबा, शिमला और कांगड़ा में बारिश का यलो अलर्ट जारी कर रखा है। परसों से मौसम साफ होने का पूर्वानुमान है।
Curated by DNI Team | Source: https://ift.tt/XEAcVFh
Leave a Reply