गाजियाबाद नगर निगम में तैनात अपर नगर आयुक्त जंग बहादुर यादव ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के पार्षद प्रवीण चौधरी पर धमकी देने और दुर्व्यवहार करने का आरोप लगाया है। उन्होंने नगर आयुक्त को लिखित शिकायत देकर अपनी जान-माल की सुरक्षा की गुहार लगाई है। यादव ने कहा कि कार्यालय परिसर में उनके साथ दबाव बनाने, धमकाने और अभद्र व्यवहार की घटना हुई, जिससे वे असुरक्षित महसूस कर रहे हैं। शिकायत के अनुसार, यह घटना सामुदायिक केंद्र की बुकिंग से जुड़े एक मामले में वित्तीय अनियमितताओं की जांच के दौरान हुई। प्रारंभिक जांच में कुछ कर्मचारियों की संलिप्तता सामने आने पर उन्हें निलंबित कर दिया गया था। इसी बीच, एक कर्मचारी की अचानक मौत की खबर फैलने के बाद कुछ लोग आक्रोशित होकर निगम कार्यालय पहुंचे और कर्मचारियों को अंदर जाने से रोकने लगे। पीसीएस अधिकारी जंग बहादुर यादव को मौके पर पहुंचकर स्थिति संभालने के निर्देश दिए गए थे। उनके पहुंचने पर माहौल पहले से ही तनावपूर्ण था। उन्होंने लोगों को समझाने का प्रयास किया कि किसी भी कर्मचारी को काम करने से न रोका जाए और कानून व्यवस्था बनाए रखी जाए। इसी दौरान भाजपा पार्षद प्रवीण चौधरी और कुछ अन्य लोग मौके पर पहुंचे। यादव ने आरोप लगाया है कि प्रवीण चौधरी ने उनके साथ अभद्र भाषा का प्रयोग किया, झूठे आरोप लगाए और खुलेआम धमकी भी दी। शिकायत में यह भी उल्लेख है कि इस दौरान जान-माल के नुकसान की धमकी दी गई। जंग बहादुर यादव ने बताया कि इस घटना के बाद से वे मानसिक दबाव में हैं और उन्हें अपनी सुरक्षा को लेकर लगातार खतरा महसूस हो रहा है। उन्होंने यह भी कहा कि 18 मार्च को शिकायत दर्ज कराने के बावजूद अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है, जिससे उनकी चिंता बढ़ गई है। उन्होंने प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच करने, दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने और उनकी सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने की मांग की है, ताकि वे बिना किसी भय के अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन कर सकें।

Leave a Reply